ढोलिया नदी पर चेकडैम की तैयारी, हजारों एकड़ खेतों को मिलेगा पानी; किसानों की बदलेगी तस्वीर

Updated:
विज्ञापन

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने सुना ग्रामीणों की समस्या| Prabhat Khabar Network

ग्रामीणों की मांग पर मंत्री ने ढोलिया नदी पर चेकडैम निर्माण की फाइल भेजी. इससे हजारों एकड़ जमीन सिंचित होगी और किसानों की आय बढ़ेगी. बिजली-पानी की समस्या पर भी...

विज्ञापन

प्रतिनिधि, मेहरमा : ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने अपने निज आवास पर महागामा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. ग्रामीणों ने पानी, बिजली, सड़क, नाला, स्कूलों में अतिरिक्त कमरों, चहारदीवारी और वृद्धा पेंशन सहित कई समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं. इनमें ढोलिया नदी पर श्रृंखलाबद्ध चेकडैम निर्माण की मांग सबसे प्रमुख रही.

आपके शहर में

विज्ञापन

ढोलिया नदी पर चेकडैम की मांग ने पकड़ा जोर

ग्रामीणों ने कहा कि ढोलिया नदी पर चेकडैम बनने से बरसात के पानी को रोककर खेतों तक सिंचाई की सुविधा पहुंचायी जा सकती है. इससे क्षेत्र के किसानों को खेती के लिए बारिश पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.

मंत्री ने कहा कि महागामा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य लगातार किये जा रहे हैं. हर गांव और टोले की सड़कों को चिन्हित कर निर्माण कराया जा रहा है. जो सड़कें अब तक विकास की सूची में छूट गयी हैं, उनकी सूची तैयार करने का निर्देश कार्यकर्ताओं को दिया गया है, ताकि उनका भी जल्द निर्माण कराया जा सके.

15 दिनों में बदले जायेंगे जले ट्रांसफार्मर

बिजली की समस्या पर मंत्री ने कहा कि श्रावण मास के कारण ट्रांसफार्मरों की आपूर्ति में अस्थायी बाधा आयी है. उन्होंने दावा किया कि 15 दिनों के भीतर सभी जले हुए ट्रांसफार्मरों को बदल दिया जायेगा. जहां जरूरत होगी, वहां नये ट्रांसफार्मर भी लगाये जायेंगे.

पेयजल संकट को लेकर उन्होंने कहा कि जरूरतमंद स्थानों पर चापाकल लगाये जा रहे हैं, ताकि लोगों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े.

स्कूलों में बढ़ेंगे कमरे, चहारदीवारी भी बनेगी

शिक्षा व्यवस्था को लेकर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने के लिए गंभीर है. जिन विद्यालयों में कमरों की कमी है, वहां अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराया जा रहा है. साथ ही स्कूलों में चहारदीवारी निर्माण का भी काम कराया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्कूलों से जुड़ी बुनियादी समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है.

चेकडैम बना तो हजारों एकड़ जमीन को मिलेगा पानी

ढोलिया नदी पर श्रृंखलाबद्ध चेकडैम निर्माण को लेकर मंत्री ने कहा कि इसकी सभी फाइलें संबंधित विभाग को भेजी जा चुकी हैं. जल्द ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जा सकेगा.

उन्होंने कहा कि चेकडैम बनने से केवल मेहरमा ही नहीं, बल्कि ठाकुरगंगटी प्रखंड की कई पंचायतों के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा. हजारों एकड़ जमीन सिंचित होने से किसान खरीफ के साथ रबी, सब्जी और अन्य नकदी फसलों की खेती भी कर सकेंगे. इससे किसानों की आय बढ़ने की संभावना है.

मंत्री ने कहा कि प्रदेश में महागठबंधन की सरकार सिर्फ योजनाओं का शिलान्यास करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जिन कार्यों का वादा किया जाता है, उन्हें धरातल पर उतारकर उद्घाटन भी किया जाता है.

मौके पर बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद रहे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola