धनवार को बाबूलाल मरांडी की बड़ी सौगात, 17.47 करोड़ की सड़क-पुल योजनाओं को मिली मंजूरी
नेता प्रतिपक्ष सह धनवार विधायक बाबूलाल मरांडी
धनवार विधानसभा क्षेत्र में बाबूलाल मरांडी के प्रयासों से 17.47 करोड़ की सड़क और पुल निर्माण योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। जानें पूरी जानकारी।
गिरिडीह. नेता प्रतिपक्ष सह धनवार विधायक बाबूलाल मरांडी के प्रयास से वित्तीय वर्ष 2026-27 में धनवार विधानसभा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना और मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत कुल 17 करोड़ 47 लाख 81 हजार रुपये की योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है. इसमें करीब 9.39 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 10 करोड़ 29 लाख 55 हजार रुपये और दो पुल निर्माण के लिए 7 करोड़ 18 लाख 26 हजार रुपये स्वीकृत किये गये हैं.
ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से जारी विवरण के अनुसार, इन योजनाओं के पूरा होने से धनवार, तिसरी और गावां प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है.
धनवार और तिसरी में 9.39 किमी सड़क का होगा निर्माण
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत राजधनवार प्रखंड में औरवाटांड़ से धर्मपुर मोड़ भाया चट्टी तक छह किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया जायेगा. इसके लिए छह करोड़ 18 लाख 76 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है.
ये भी पढ़ें: सड़क बन गयी, जमीन का मुआवजा नहीं मिला; गांडेय के आधा दर्जन रैयत अब भी विभाग का लगा रहे चक्कर
वहीं तिसरी प्रखंड में भुराय पीडब्ल्यूडी रोड से कठकोको तक 3.39 किलोमीटर सड़क का निर्माण होगा. इस सड़क के लिए चार करोड़ 10 लाख 79 हजार रुपये स्वीकृत किये गये हैं.
दो नदियों पर बनेंगे पुल
मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत धनवार प्रखंड में कैलाढ़ाब और जनता जरीडीह के बीच मुखली नदी पर 67.08 मीटर लंबे पुल का निर्माण कराया जायेगा. इसके लिए चार करोड़ सात लाख सात हजार रुपये स्वीकृत किये गये हैं.
वहीं गावां प्रखंड में डुमरझारा और सिजुआई के बीच नदकील नाला पर 58.08 मीटर लंबे पुल का निर्माण होगा. इसके लिए तीन करोड़ 11 लाख 19 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी है.
आवागमन के साथ शिक्षा-स्वास्थ्य की सुविधा होगी बेहतर
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक उपाध्याय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और पुल केवल विकास की योजनाएं नहीं हैं, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाने का माध्यम हैं. इन योजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा. किसानों को बाजार तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार से जुड़े अवसरों तक लोगों की पहुंच बेहतर होगी.
ये भी पढ़ें: मधुपुर-गिरिडीह बाइपास रेल लाइन का काम तेज,DRM ने निरीक्षण कर दिया बड़ा निर्देश
फंड की कमी से संवेदकों के भुगतान का मुद्दा भी उठाया
अशोक उपाध्याय ने कहा कि वर्तमान में फंड के अभाव में कई संवेदकों को राशि का भुगतान नहीं हो पा रहा है. इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने राज्य सरकार से इस दिशा में ध्यान देने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए