Giridih News :अस्पताल परिसर में गयी बॉल, तो खेल रहे बच्चों को डॉक्टर ने दौड़ाया, छात्र को बैट से पीटकर घायल किया

Updated:
विज्ञापन

Giridih News :सरिया थाना क्षेत्र के हटिया रोड स्थित तर्वे मैदान में क्रिकेट खेल रहे नौवीं कक्षा के एक छात्र की एक निजी अस्पताल के संचालक चिकित्सक ने पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

विज्ञापन

घटना रविवार शाम करीब छह बजे की है. बताया जाता है कि खेल के दौरान क्रिकेट बॉल मैदान के बगल में स्थित एक निजी नर्सिंग होम के परिसर में चली गयी थी. इसी बात को लेकर विवाद हुआ और चिकित्सक डॉ शिव प्रसाद पर छात्र तन्मय कुमार (15) की पिटाई करने का आरोप लगा है. घायल छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद रेफर किया गया है.

प्रतिदिन बच्चों के साथ खेलता था

घायल छात्र के दादा शिवशंकर प्रसाद एवं चाचा ऋषि कुटरियार ने पुलिस को बताया कि तन्मय कुमार प्रतिदिन की तरह अपने साथियों के साथ तर्वे मैदान में क्रिकेट खेल रहा था. इसी दौरान खेलते समय गेंद मैदान के बगल में स्थित सिद्धि विनायक हॉस्पिटल के परिसर में चली गयी. आरोप है कि इसके बाद अस्पताल संचालक डॉ शिव प्रसाद गुस्से में मैदान पहुंचे और बच्चों को दौड़ाकर पकड़ने लगे. इस दौरान कुछ बच्चे गिरकर चोटिल भी हो गये. परिजनों का आरोप है कि तन्मय को पकड़कर चिकित्सक ने क्रिकेट बैट से पिटाई कर दी, जिससे उसके सिर, पीठ, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आयीं. परिजनों ने उसका एक हाथ टूटने की आशंका जतायी है.

अस्पताल परिसर में किया विरोध प्रदर्शन

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन घायल छात्र को लेकर सरिया थाना पहुंचे. इसके बाद उसे इलाज के लिए बगोदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा गया. छात्र की पिटाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग देर रात अस्पताल परिसर पहुंच गये और विरोध प्रदर्शन करने लगे. सूचना पर सरिया थाना प्रभारी पिंकू सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया. दोषियों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ.

अस्पताल स्टाफ को धमकाने का लगाया आरोप

इधर, डॉ शिव प्रसाद ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद काफी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे और तोड़फोड़ की. अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे तथा तीन डिस्प्ले बोर्ड क्षतिग्रस्त कर दिये गये, जिससे करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग स्टाफ रूम में घुस गये, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी. चिकित्सक ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है.

आरोपी डॉक्टर बोले : बैट से पिटाई की बात गलत, बच्चों ने फेंके पत्थर के टुकड़े

वहीं, डॉ शिव प्रसाद ने बैट से पिटाई के आरोप को खारिज किया है. उनका कहना है कि बच्चे कई दिनों से क्रिकेट बॉल के साथ पत्थरों के टुकड़े भी अस्पताल परिसर में फेंक रहे थे. इससे उनके बुजुर्ग माता-पिता और तीन वर्षीया पुत्री पहले चोटिल हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि रविवार को भी ऐसी ही घटना होने पर उन्होंने बच्चों को सिर्फ डांट-फटकार लगायी और हाथ से मारपीट की. बैट से पिटाई का आरोप पूरी तरह निराधार है.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola