गिरीडीह के गाण्डेय में साइबर ठगी का भंडाफोड़, दो ठगी गिरफ्तार

गिरीडीह में पत्रकारों से बात करते डीएसपी आरके राणा | Prabhat Khabar Network
गिरिडीह पुलिस ने गाण्डेय में फर्जी RTO अधिकारी और डॉक्टर बनकर ठगी करने वाले दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
गिरिडीह: गिरिडीह पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए गाण्डेय थाना क्षेत्र के पुनईडीह गांव स्थित एक क्षतिग्रस्त मकान में छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बक्सीगरजा निवासी 21 वर्षीय मो. कैफ अंसारी और 19 वर्षीय मो. इरशाद अंसारी को गिरफ्तार किया.
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे फर्जी सिम कार्ड का उपयोग कर खुद को RTO अधिकारी तथा डॉक्टर बताकर लोगों को फोन करते थे. इसके बाद ऑनलाइन चालान भुगतान और डॉक्टर की अपॉइंटमेंट बुकिंग के नाम पर लोगों से ठगी की जाती थी. पुलिस ने उनके पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एक आई-पैड तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है. इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 22/2026, दिनांक 24 जुलाई 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पूरे मामले की जानकारी शुक्रवार को आयोजित पत्रकार सम्मेलन में डीएसपी-2 आर.के. राणा ने दी. उन्होंने बताया कि साइबर अपराधियों के नेटवर्क और उनके अन्य सहयोगियों की भी जांच की जा रही है. गिरिडीह पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, फर्जी चालान लिंक या ऑनलाइन अपॉइंटमेंट के नाम पर मांगी गई जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










