आवास मरम्मत के नाम पर आंबेडकर आवास की राशि गबन का आरोप
अपने खपरैल घर के समक्ष पिंकी टुडू | Prabhat Khabar Network
आवास मरम्मत के नाम पर आंबेडकर आवास योजना की राशि गबन करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. गरीब आदिवासी महिला को महज 20 हजार देकर 1.10 लाख की ठगी का आरोप लगा है. बीडीओ ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं.
आवास मरम्मत के नाम पर आंबेडकर आवास योजना की स्वीकृति दिलाकर राशि गबन करने का मामला सामने आया है. मामला बड़कीटांड़ पंचायत के कुंडलहारी गांव का है. कुंडलहारी निवासी पिंकी टुडू, पति छोटेलाल मुर्मू ने गांडेय बीडीओ को आवेदन देकर मामले की जांच कराने और योजना की राशि वापस दिलाने की मांग की है.
आपके शहर में
1.30 लाख की राशि की हो चुकी है निकासी
बीडीओ को दिये आवेदन में पिंकी टुडू ने आरोप लगाया है कि पंचायत के उपमुखिया मेहबूब आलम ने उनके गरीब और अशिक्षित आदिवासी महिला होने का फायदा उठाते हुए आवास मरम्मत की बात कहकर उनके नाम से आंबेडकर आवास स्वीकृत कराया. आरोप है कि योजना की पूरी राशि 1.30 लाख रुपये की निकासी कर ली गयी, जबकि उन्हें आवास मरम्मत के नाम पर मात्र 20 हजार रुपये दिये गये. शेष 1.10 लाख रुपये हड़प लिये गये.
पिंकी टुडू ने आवेदन में कहा है कि उनके नाम से स्वीकृत आवास योजना की राशि उन्हें वापस दिलायी जाये, ताकि वह अपने आवास का निर्माण पूरा करा सकें.
पति के नाम अबुआ आवास स्वीकृत होने पर मिली जानकारी
जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2021-22 में पिंकी टुडू के नाम से आंबेडकर आवास योजना स्वीकृत हुई थी. योजना का कोड जेएच 19-006-003/बीएसबी.एएवाई 1742 है. विभागीय आंकड़ों के अनुसार योजना की पूरी 1.30 लाख रुपये की राशि की निकासी हो चुकी है. वहीं पिंकी टुडू का कहना है कि उन्हें इस योजना की जानकारी तक नहीं थी और न ही उन्हें योजना की पूरी राशि मिली.
बताया गया कि पिंकी के पति छोटेलाल मुर्मू के नाम अबुआ आवास की स्वीकृति होने के बाद मामले का खुलासा हुआ. प्रथम किस्त का भुगतान होने के बाद कुछ लोग पिंकी के नाम से स्वीकृत आंबेडकर आवास की जानकारी लेने पहुंचे. इसके बाद उन्हें अपने नाम से पूर्व में स्वीकृत योजना की जानकारी हुई और उन्होंने बीडीओ को आवेदन दिया.
आरोप निराधार, जांच से सामने आयेगी सच्चाई : उपमुखिया
बड़कीटांड़ पंचायत के उपमुखिया मेहबूब आलम ने आरोपों को निराधार बताया. उन्होंने कहा कि आवास योजना की राशि लाभुक के खाते में आती है. उन्होंने आरोप लगाया कि एक साजिश के तहत उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी.
मामला संज्ञान में, जांच के निर्देश : बीडीओ
गांडेय बीडीओ निशात अंजुम ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है. आवास योजना के प्रखंड समन्वयक को मामले की जांच का निर्देश दिया गया है. जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए