भवनाथपुर में छात्रा से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो युवकों पर ईंट-पत्थर से हमला, FIR दर्ज
भवनाथपुर में छात्रा से छेड़छाड़ का विरोध करने पर मनचलों ने दो युवकों पर ईंट-पत्थर से हमला किया। घायलों को गढ़वा रेफर किया गया, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
गढ़वा. भवनाथपुर थाना क्षेत्र के अरसली दक्षिणी पंचायत अंतर्गत बनखेता गांव में एक छात्रा से छेड़छाड़ का विरोध करना दो स्थानीय युवकों को भारी पड़ गया. मनचलों ने विरोध से आक्रोशित होकर बनखेता निवासी अकबर अंसारी और इनतेयाज अंसारी पर ईंट-पत्थर से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया . घटना के संबंध में पीड़ित छात्रा के दादा याकुब खां की शिकायत पर अरसली उत्तरी पंचायत निवासी सत्यम शर्मा, संदेश राम, चिंटू पासवान और दो अज्ञात युवकों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
आपके शहर में
पढ़ाई के बाद अपने घर लौट रही थी
जानकारी के अनुसार, बनखेता गांव की एक छात्रा सोमवार को भवनाथपुर विद्यालय से पढ़ाई के बाद मुरगाहा बांध के रास्ते अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान नामजद आरोपी उसका पीछा करते हुए बांध के पास छेड़खानी करने लगे. उसी रास्ते से गुजर रहे गांव के ही अकबर अंसारी, इनतेयाज अंसारी और सुजित साह की नजर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत हस्तक्षेप किया और आरोपियों को डांट-फटकार कर भगा दिया.विरोध से बौखलाए आरोपियों ने कुछ ही दूरी पर अरसली उत्तरी दुर्गा मंदिर के पास घात लगाकर हमला कर दिया. जैसे ही तीनों युवक वहां से गुजरे, आरोपियों ने उन पर ईंट-पत्थर से अचानक हमला बोल दिया।
ये भी पढ़ें: रक्षाबंधन से पहले गढ़वा में मिलावटी मिठाइयों पर छापेमारी, 8 किलो सड़ा स्टॉक नष्ट, होटल पर 5 हजार जुर्माना
गढ़वा जिला अस्पताल रेफर
इस हमले में अकबर अंसारी और इनतेयाज अंसारी सिर व शरीर में गंभीर चोट लगने से लहूलुहान हो गए, जबकि सुजीत साह किसी तरह जान बचाकर भागा और छात्रा के परिजनों को सूचित किया . घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवनाथपुर पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गढ़वा जिला अस्पताल रेफर कर दिया. मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी रंजनी रंजन ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. छेड़छाड़ और जानलेवा हमले से जुड़े इस मामले में जांच जारी है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए