Garhwa News : रील बनाने के दौरान ट्रेन की चपेट में आई युवती, दोनों हाथ कटे, हालत गंभीर हायर सेंटर रेफर

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर. (AI Image)

गढ़वा से आई दिल दहला देने वाली खबर, जहाँ रील बनाने के चक्कर में एक युवती की जान पर बन आई. ट्रेन की चपेट में आने से उसके दोनों हाथ कट गए. यह घटना युवाओं के बीच बढ़ते खतरनाक ट्रेंड पर गंभीर सवाल उठाती है.

विज्ञापन

गढ़वा से प्रभाष मिश्रा की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

गढ़वा: सोशल मीडिया पर रील बनाने के दौरान एक युवती रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आ गयी. हादसा गढ़वा-नगर ऊंटारी रेलखंड पर जोबरईया गांव के समीप हुआ. दुर्घटना में युवती के दोनों हाथ कटकर अलग हो गये, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आयी हैं. घायल युवती की पहचान गढ़वा थाना क्षेत्र के अशोक बिहार मोहल्ला निवासी धीरज सिंह की 19 वर्षीय पुत्री पूर्णिमा कुमारी के रूप में हुई है. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया.

दोस्तों के साथ ट्रैक पर बना रही थी रील

घटना के संबंध में बताया गया कि पूर्णिमा कुमारी मंगलवार को कुछ दोस्तों के साथ जोबरईया स्थित रेलवे लाइन के पास गयी थी. वहां सभी मोबाइल से रील बनाने में मशगूल थे. इसी दौरान रांची की ओर से आ रही रांची-चोपन एक्सप्रेस ट्रेन की गति और दूरी का अंदाजा युवती नहीं लगा सकी और ट्रेन की चपेट में आ गयी.

हादसे में दोनों हाथ कटे

हादसा इतना भयावह था कि युवती के दोनों हाथ मौके पर ही कट गये. शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आयीं. घटना के बाद साथ मौजूद दोस्तों में अफरा-तफरी मच गयी. दोस्तों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा को गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया.

गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. युवती की स्थिति बेहद नाजुक होने के कारण उसे तत्काल बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी और उनका रो-रोकर बुरा हाल है.

चिंतनीय पहलू: व्यूज और लाइक के चक्कर में दांव पर जिंदगी

यह घटना युवाओं में रील बनाने के बढ़ते जानलेवा ट्रेंड पर गंभीर सवाल खड़े करती है. रेलवे ट्रैक, नदी-झरने और बहुमंजिला इमारतों जैसी खतरनाक जगहों पर सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने की कोशिश कई बार जानलेवा साबित हो रही है. रेलवे प्रशासन की ओर से बार-बार चेतावनी के बावजूद ट्रैक पर इस तरह की लापरवाही की घटनाएं सामने आ रही हैं. ऐसे में यह घटना युवाओं और उनके परिजनों के लिए भी गंभीर चेतावनी है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola