मकई के खेत में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका; घर से 50 फीट दूर पड़ा था शव

Updated:
विज्ञापन

मृतक के घर पहुंचे थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी जांच शुरू

डंडई थाना क्षेत्र में मकई के खेत से 35 वर्षीय राजेंद्र यादव का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई. सिर और पैर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

विज्ञापन

डंडई से रमेश कुमार विश्वकर्मा की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

डंडई: डंडई थाना क्षेत्र के करके गांव के यादव टोला में सोमवार शाम मकई के खेत से 35 वर्षीय राजेंद्र यादव का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक स्वर्गीय मिस्त्री यादव का पुत्र था. उसका शव घर से करीब 50 फीट की दूरी पर स्थित मकई के खेत में पड़ा मिला. मृतक के सिर और पैर पर चोट के निशान पाये गये हैं. घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया.

रविवार शाम से लापता था राजेंद्र

जानकारी के अनुसार राजेंद्र यादव रविवार शाम करीब चार बजे से लापता था. सोमवार को कुछ ग्रामीण महिलाएं उसके खेत के पास घास काटने गयी थीं. इसी दौरान उनकी नजर मकई के खेत में पड़े शव पर पड़ी. महिलाओं ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी. देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये और घटना की सूचना डंडई थाना पुलिस को दी.

पलामू से बुलाया गया खोजी कुत्ता

सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पलामू से खोजी कुत्ता भी मंगाया है. पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन कर रही है.

खेती-बाड़ी और मजदूरी कर बेटियों का करता था पालन-पोषण

बताया गया कि राजेंद्र यादव की पत्नी का कुछ वर्ष पूर्व निधन हो गया था. इसके बाद वह खेती-बाड़ी और मजदूरी कर अपनी दोनों बेटियों का पालन-पोषण कर रहा था. पिता की मौत के बाद अब दोनों नाबालिग बच्चियों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया है.

मृतक की बड़ी पुत्री पिंकी कुमारी करीब 13 वर्ष और छोटी पुत्री रेणु कुमारी करीब नौ वर्ष की है. पिता की मौत के बाद दोनों बच्चियों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों के बीच अब दोनों बच्चियों के भविष्य और पालन-पोषण को लेकर चिंता बनी हुई है.

बच्चियों के भविष्य को लेकर बीडीसी ने जतायी चिंता

बीडीसी मनीष चौधरी ने घटना पर गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा कि राजेंद्र यादव की मौत बेहद दुखद है. उसकी दोनों बेटियां नाबालिग हैं और पहले ही मां को खो चुकी हैं. अब पिता की मौत के बाद उनके सामने पालन-पोषण और पढ़ाई-लिखाई की बड़ी समस्या खड़ी हो गयी है.

उन्होंने कहा कि सरकारी प्रावधान के अनुसार दोनों बच्चियों को मिलने वाली सहायता दिलाने के लिए प्रशासन के समक्ष पहल की जायेगी. बच्चियों की पढ़ाई और भविष्य प्रभावित न हो, इसके लिए हरसंभव सहयोग का प्रयास किया जायेगा. उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग भी की.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण

इस संबंध में थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया राजेंद्र यादव की हत्या किये जाने की आशंका है. मामले की जांच के लिए पलामू से खोजी कुत्ता मंगाया गया है. पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुसंधान कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola