रक्षाबंधन से पहले गढ़वा में मिलावटी मिठाइयों पर छापेमारी, 8 किलो सड़ा स्टॉक नष्ट, होटल पर 5 हजार जुर्माना

Updated:
विज्ञापन

छापेमारी करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network

गढ़वा में रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, दुकानों से सड़ी-गली मिठाइयां जब्त कर नष्ट की गईं। मिलावटखोरों में मचा हड़कंप।

विज्ञापन

गढ़वा. आगामी रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए जिला प्रशासन ने गढ़वा शहर की मिठाई दुकानों और होटलों में गुणवत्ता बनाए रखने के लिए शिकंजा कसना शुरू कर दिया है . उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को गढ़वा शहर के आधा दर्जन से अधिक प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी की. अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आर.एस. सिंह एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपश्री के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा रहा .

आपके शहर में

विज्ञापन

फ़्रीजर में मिला 8 किलो सड़ा-गला स्टॉक

मंगलवार को जांच टीम जब ग्वावल स्वीट्स और मां जगदंबा स्वीट्स पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए . इन दुकानों के फ़्रीजर में क्रमशः 5 किलोग्राम और 3 किलोग्राम खराब व सड़ी-गली मिठाइयों का स्टॉक जमा करके रखा गया था . जांच अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सभी 8 किलो दूषित मिठाइयों को जब्त कर मौके पर ही पूरी तरह नष्ट करा दिया . इसके साथ ही अन्य संदिग्ध मिठाइयों के नमूने भी जांच के लिए सील किए गए .

आकाशगंगा होटल पर 5 हजार का जुर्माना

दानरो नदी के पास स्थित आकाशगंगा होटल में निरीक्षण के दौरान भारी गंदगी, जलजमाव और अस्वास्थ्यकर माहौल पाया गया . मानकों के उल्लंघन पर टीम ने संचालक पर 5000 रुपये का जुर्माना ठोका और छेना रसगुल्ला का सैंपल लिया . वहीं, न्यू प्लाजा होटल में जलेबी को आकर्षक बनाने के लिए तय मानक से अधिक कृत्रिम रंगों का प्रयोग पाया गया, जिसके बाद रसमलाई का नमूना जांच के लिए भेजा गया . दूसरी ओर, रंका मोड़ स्थित प्रकाश स्वीट्स एवं बसंती मिठाई का निरीक्षण करने पर स्थिति मानकों के अनुकूल पाई गई.

ये भी पढ़ें: कैमरा ऑन था सामने थी ट्रेन... वायरल होने की चाह में गढ़वा की पूर्णिमा ने गंवाये दोनों हाथ

पिछले साल जहरीली मिठाई सिंडिकेट का हुआ था पर्दाफाश

गढ़वा शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग की इस ताजा कार्रवाई ने पिछले साल की उस बड़ी घटना की यादें ताजा कर दी हैं, जब शहर में जहरीली मिठाइयों के एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ था . अगस्त 2025 में तत्कालीन सदर एसडीएम संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शहर के संदिग्ध ठिकानों और गोदामों में छापेमारी कर लगभग 3 क्विंटल (300 किलो) सड़ी-गली और केमिकल युक्त मिठाइयां जब्त कर नष्ट कराई थीं . उस दौरान यूपी और बिहार से लाई जा रही मिठाइयों में कपड़े रंगने वाले हानिकारक औद्योगिक केमिकल और अमानक सिंथेटिक रंगों का बड़ा खुलासा हुआ था .

ये भी पढ़ें: गढ़वा : बारिश में दलदल बनी सड़क, एक हाथ में किताब तो दूसरे में चप्पल लेकर स्कूल जाने को मजबूर हैं बच्चे

नियमों की अनदेखी पर होगी सीधी एफआईआर

पूरे अभियान के दौरान जांच टीम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना वैध खाद्य लाइसेंस के कारोबार करने वालों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी . जिन दुकानों के पास लाइसेंस उपलब्ध हैं, उन्हें डिस्प्ले बोर्ड पर लगाना अनिवार्य किया गया है . मिठाइयों को ढककर रखने, शुद्धता सुनिश्चित करने और परिसर में स्वच्छता बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई है . अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग के विवेक तिवारी व संतोष कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद थे .


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola