वन, प्रकृति व जैव विविधता का संरक्षण हम सभी का कर्तव्यः विधायक

Published by : Akarsh Aniket Updated At : 06 Mar 2026 8:40 PM

विज्ञापन

जैव विविधता उद्यान का हुआ उद्घाटन, प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश

विज्ञापन

जैव विविधता उद्यान का हुआ उद्घाटन, प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश प्रतिनिधि, रंका रंका में शुक्रवार को लोहवा पुल स्थित जैव विविधता उद्यान (नक्षत्र वन) का उद्घाटन किया गया. उद्यान का उद्घाटन स्थानीय विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी, वन संरक्षक पदाधिकारी प्रवेश अग्रवाल, डीएफओ एबिन बेनी अब्राहम व प्रमुख लिलावती देवी ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर किया. इस अवसर पर विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि रंका में जैव विविधता उद्यान का निर्माण होने से क्षेत्र की सुंदरता बढ़ गयी है. अब लोग यहां आकर प्रकृति की गोद में बैठकर जैव विविधता की भव्यता का आनंद ले सकेंगे. विधायक ने कहा कि प्रकृति के साथ छेड़छाड़ से पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है. जिस कारण वन, प्रकृति और जैव विविधता का संरक्षण एवं संवर्धन करना हम सभी का कर्तव्य है. उन्होंने कहा कि यदि पर्यावरण को नुकसान होगा, तो पृथ्वी पर मानव जीवन के अस्तित्व पर भी संकट खड़ा हो जायेगा. इसलिए हर व्यक्ति को प्रयास करना चाहिए कि पर्यावरण को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे. उन्होंने वन विभाग के पदाधिकारियों से जैव विविधता उद्यान का और विस्तार करने तथा अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने की बात कही. साथ ही उन्होंने कहा कि इस उद्यान को स्वच्छ और सुरक्षित रखने में सभी लोगों को सहयोग करना होगा और पार्क के नियमों का पालन करना होगा. तभी जैव विविधता का संदेश लोगों तक सही तरीके से पहुंच सकेगा. दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी एबिन बेनी अब्राहम ने जैव विविधता उद्यान के उद्देश्य के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य आम नागरिकों को प्रकृति की गोद में बैठकर पृथ्वी पर जीवन की विविधता को समझने और विश्राम करने का स्थान उपलब्ध कराना है. उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा फरवरी 2024 से इस उद्यान का निर्माण कार्य शुरू किया गया था. उन्होंने बताया कि उद्यान में आम नागरिकों और बच्चों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न प्रजातियों के औषधीय पौधे, बांस और अन्य जैविक पौधों को लगाया गया है. इसके साथ ही यहां रंगमंच, बाल वन, वन चेतना एवं विज्ञान केंद्र, संजीवनी, महुआ प्वाइंट, लता मंडप और सनसेट प्वाइंट का भी निर्माण किया गया है. कार्यक्रम में उत्तरी वन प्रमंडल पदाधिकारी अंशुमान, डीएफओ चतुरानंद त्रिपाठी, बीडीओ शुभम बेला टोपनो, सीओ शिवपूजन तिवारी, पुलिस निरीक्षक अभिजित गौतम, थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी आदि उपस्थित थे. 2008 में पूर्व मुख्यमंत्री ने किया था शिलान्यास रंका में जैव विविधता उद्यान (नक्षत्र वन) का शिलान्यास वर्ष 2008 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिबू सोरेन ने नौ ग्रहों का आह्वान कर किया था. शिलान्यास के बाद कुछ समय तक कार्य हुआ, लेकिन बाद में निर्माण कार्य बंद हो गया था. वर्ष 2024 में झारखंड स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसका कार्य ऑनलाइन माध्यम से फिर से शुरू कराया.

विज्ञापन
Akarsh Aniket

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola