गढ़वा में SIR: एक दिन में नाम जोड़ने से ज्यादा सुधार के आवेदन, भवनाथपुर में सबसे अधिक फॉर्म-8
गढ़वा में मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान नाम जोड़ने से अधिक रिकॉर्ड सुधार के आवेदन मिल रहे हैं। जानिए भवनाथपुर और गढ़वा विधानसभा के ताजा आंकड़े।
गढ़वा. मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान गढ़वा जिले में नये मतदाताओं के नाम जोड़ने के साथ पुराने मतदाता विवरण में सुधार कराने को लेकर भी बड़ी संख्या में आवेदन मिल रहे हैं. चार सितंबर को जिले में नाम जोड़ने के लिए 623 फॉर्म-6 जमा हुए, जबकि मतदाता सूची में सुधार के लिए 715 फॉर्म-8 प्राप्त हुए. यानी एक दिन में नाम जोड़ने की तुलना में सुधार के 92 अधिक आवेदन आये.
आपके शहर में
भवनाथपुर में सुधार के ज्यादा आवेदन
दोनों विधानसभा क्षेत्रों के आंकड़ों पर नजर डालें तो भवनाथपुर में मतदाता विवरण सुधारने के आवेदन काफी अधिक हैं. चार सितंबर को गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में 309 फॉर्म-6 और 245 फॉर्म-8 मिले. वहीं, भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में 314 फॉर्म-6 के मुकाबले 470 फॉर्म-8 जमा हुए. इस तरह भवनाथपुर में एक दिन में नाम जोड़ने की तुलना में सुधार के 156 अधिक आवेदन आये. चार सितंबर तक भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-8 के कुल 3,172 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं. वहीं, गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में 2,166 फॉर्म-8 मिले हैं. दोनों क्षेत्रों के बीच सुधार के आवेदनों में 1,006 का अंतर है.
अब तक 15,174 आवेदन मिले
चार सितंबर तक पूरे जिले में फॉर्म-6 के कुल 9,789 आवेदन प्राप्त हुए हैं. वहीं, फॉर्म-8 की संख्या 5,338 है. इसके अलावा फॉर्म-7 के 46 और फॉर्म-6ए का एक आवेदन मिला है. इस तरह जिले में अब तक चारों श्रेणियों में कुल 15,174 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं.
ये भी पढ़ें: MMDR संशोधन बिल के खिलाफ झामुमो का हल्ला बोल, 7 सितंबर को गढ़वा में धरना-प्रदर्शन
नाम, पता और अन्य विवरण में सुधार की जरूरत
आंकड़ों से स्पष्ट है कि एसआइआर के दौरान गढ़वा में सिर्फ नये मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया ही नहीं, बल्कि पहले से दर्ज मतदाताओं के नाम, पता और अन्य विवरण में सुधार की जरूरत भी बड़ी संख्या में सामने आ रही है. खासकर भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-8 के लगातार मिल रहे आवेदन इस ओर इशारा कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: बेटियों की सुरक्षा से आत्मनिर्भरता तक: गढ़वा में मिशन शक्ति को धार दे रहा प्रशासन
15 सितंबर तक दर्ज करा सकते हैं दावा-आपत्ति
एसआइआर के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 15 सितंबर है. प्राप्त दावों और आपत्तियों का निष्पादन 14 अक्टूबर तक किया जाना है. इसके बाद अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर को प्रकाशित की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए