प्रभात खबर में खबर छपने के बाद हाथी प्रभावित इलाकों में पहुंचे विधायक
प्रभात खबर में खबर छपने के बाद हाथी प्रभावित इलाकों में पहुंचे विधायक | Prabhat Khabar Network
कनहर तटीय इलाके में हाथियों के उत्पात से फसलों को भारी नुकसान होने के बाद विधायक अनंत प्रताप देव ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया. उन्होंने किसानों को सुरक्षा उपकरण बांटे और मुआवजे की पहल का आश्वासन दिया.
धुरकी. प्रभात खबर में 19 सितंबर को कनहर तटीय इलाके में हाथियों के उत्पात से करीब 100 से 150 एकड़ में लगी फसल के नुकसान की खबर प्रकाशित होने के बाद विधायक अनंत प्रताप देव ने मामले को संज्ञान में लिया. सोमवार को उन्होंने धुरकी प्रखंड के हाथी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं.
उन्होंने अंबाखोरया पंचायत के पारस पानी, बरसोती व अंबाखोरया तथा भंडार पंचायत के कदवा गांव का दौरा किया. इस दौरान विधायक ने प्रभावित किसानों के बीच हाथी से बचाव के लिए टॉर्च और पटाखों का वितरण किया. चार गांवों में कुल 500 पैकेट पटाखे और 350 टॉर्च बांटे गये.
उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि वन विभाग से इस संबंध में बातचीत हुई है. हाथियों से जिन किसानों की फसल नष्ट हुई है, उन्हें चिन्हित कर सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिलाने की पहल की जायेगी. हाथियों के कारण जान-माल को हुए नुकसान का भी आकलन कराकर प्रभावित लोगों को नियमानुसार लाभ दिलाने की बात कही.
विधायक ने कहा कि वर्ष 2013 में भी उनके विधायक रहते हाथी प्रभावित क्षेत्रों में कैंप लगाकर लोगों को राहत दिलाने का प्रयास किया गया था. उस समय बंगाल से हाथी भगाने के विशेषज्ञों की टीम बुलाकर हाथियों को क्षेत्र से बाहर किया गया था. उन्होंने कहा कि लगातार हाथियों के आतंक से किसान परेशान हैं. इस समस्या का स्थायी समाधान तलाशने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है.
मौके पर झामुमो नेता ताहिर अंसारी, मानवेंद्र प्रताप देव, मुक्तेश्वर पांडेय, प्रदीप सिंह, अध्यक्ष इसराइल खान, विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण प्रसाद यादव, कृष्ण कुमार सिंह, राम आधार राम, शैलेश यादव, शंभू सिंह, मुखिया रघुनाथ सिंह, शंभु नाथ यादव, रामकिशन कोरवा सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे. वितरण कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यक्ष इसराइल खान ने की.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए