डंडई प्रखंड : चबूतरा बना नहीं, निकल गयी पूरी राशि, ग्रामीणों ने की जांच की मांग
बैठक करते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
डंडई प्रखंड के तसरार गांव में सरकारी राशि के दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है. ग्रामीणों का आरोप है कि बिना चबूतरा निर्माण कराए ही पूरी राशि निकाल ली गई है. इस मुद्दे पर ग्रामीणों ने बैठक कर आक्रोश जताया और उपायुक्त से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.
गढ़वा. जिले के डंडई प्रखंड के तसरार गांव में सरकारी राशि के दुरुपयोग का मामला सामने आया है. ग्रामीणों ने बिना काम कराये चबूतरा निर्माण की राशि की निकासी किये जाने का आरोप लगाया है. इसे लेकर ग्रामीणों की बैठक हुई, जिसमें मामले को लेकर आक्रोश जताया गया. बैठक के बाद ग्रामीण उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और लिखित आवेदन देकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.
बिना निर्माण के राशि निकालने का आरोप
ग्रामीणों ने आवेदन में आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत तसरार के वार्ड नंबर-13 में शिव बर'' नामक स्थान के पास 15वें वित्त आयोग की राशि से सार्वजनिक चबूतरा निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ था. लेकिन चबूतरे का कोई निर्माण कार्य नहीं कराया गया. इसके बावजूद जिम्मेदार लोगों ने आपसी मिलीभगत और जाली कागजात तैयार कर योजना की शत प्रतिशत राशि की अवैध निकासी कर ली.
जांच कर कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने उपायुक्त को दिये आवेदन में कहा है कि 15वें वित्त आयोग की राशि की कथित अवैध निकासी की उच्चस्तरीय जांच करायी जाये. साथ ही जांच में दोषी पाये जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाये. आवेदन में पंचायत समिति सदस्य देवंती देवी, रमेश यादव सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए