दुमका के युवाओं के लिए बड़ा मौका, विकसित भारत युवा संवाद में ऐसे लें हिस्सा
सांकेतिक तस्वीर.
युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का एक बड़ा अवसर आ गया है. विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 का शुभारंभ हो गया है, जिसमें 15 से 29 वर्ष के युवा भाग ले सकते हैं. यह कार्यक्रम ज्ञान प्रतियोगिता से शुरू होकर राष्ट्रीय मंच तक ले जाएगा.
दुमका नगर: युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 का शुभारंभ हो गया है. भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का पहला चरण विकसित भारत ज्ञान प्रतियोगिता है.
ज्ञान प्रतियोगिता 17 अगस्त से शुरू हो चुकी है और 30 सितंबर 2026 तक मेरा युवा भारत के पोर्टल पर चलेगी. जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं से इसमें अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गयी है.
क्विज से शुरू होगी राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने की राह
विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद में 17 अगस्त 2026 की स्थिति में 15 से 29 वर्ष के युवा हिस्सा ले सकते हैं. चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी.
सबसे पहले डिजिटल ज्ञान प्रतियोगिता होगी. इसमें चयनित प्रतिभागियों को 500 शब्दों का विकसित भारत निबंध लिखना होगा. इसके बाद जिला स्तरीय प्रतियोगिता, राज्य स्तरीय संवाद और फिर राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता होगी.
जिला स्तर पर चयनित युवा अपने विचार प्रस्तुत करेंगे. इनमें से दो श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर के लिए किया जायेगा.
नई दिल्ली में होगा राष्ट्रीय आयोजन
विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 का राष्ट्रीय आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में प्रस्तावित है.
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवा विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों, केंद्रीय अधिकारियों और केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष अपने विचार रखेंगे. क्षेत्रीय स्तर पर चयनित अंतिम प्रतिभागी दलों को प्रधानमंत्री के समक्ष भी अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा.
30 सितंबर तक कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
पात्र युवा mybharat.gov.in पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं. मोबाइल नंबर या ई-मेल के माध्यम से प्राप्त वन टाइम पासवर्ड की पुष्टि के बाद आवश्यक जानकारी भरकर पंजीकरण पूरा किया जा सकता है.
जो युवा पहले से मेरा युवा भारत पर पंजीकृत हैं, उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं है. पंजीकरण के बाद ज्ञान प्रतियोगिता में शामिल हुआ जा सकता है.
स्कूल-कॉलेजों से ज्यादा भागीदारी की अपील
जिला युवा अधिकारी सौरभ जैन ने कहा कि विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को अपने विचार, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता सामने रखने का राष्ट्रीय मंच है.
उन्होंने जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर, युवा क्लबों और अन्य शैक्षणिक एवं युवा संगठनों से पात्र युवाओं को कार्यक्रम की जानकारी देने और अधिकाधिक भागीदारी के लिए प्रेरित करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि दुमका के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है. यह कार्यक्रम उन्हें अपनी सोच और नये विचारों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर दे रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए