Sawan 2023: शिवमय हुआ बाबा फौजदारीनाथ का दरबार, 35 हजार कांवरियों ने अरघा से किया जलार्पण

शीघ्रदर्शनम व्यवस्था के तहत मंगलवार को 1050 श्रद्धालुओं ने बाबा फौजदारीनाथ का जलार्पण किया. इस व्यवस्था के तहत मंदिर न्यास समिति को 3 लाख 15 हजार रुपये की आमदनी हुई.
बासुकिनाथ, आदित्यनाथ पत्रलेख: राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव 2023 के आठवें दिन मंगलवार को बाबा फौजदारीनाथ दरबार में कांवरियों की भीड़ लगी. बासुकिनाथ मंदिर क्षेत्र शिवमय हुआ. मंगलवार को पूर्वाह्न 3:26 बजे बाबा फौजदारीनाथ पर देवतुल्य श्रद्धालुओं ने अरघा के माध्यम से जलार्पण करना शुरू किया. सरकारी पूजा के बाद कतारबद्ध कांवरियों के लिए मंदिर गर्भगृह का पट खोल दिया गया. मंदिर प्रांगण शिवगंगा घाट व मेला परिसर कांवरियों से पटा रहा. मंदिर प्रबंधन के अनुसार 35 हजार कांवरियों ने बाबा फौजदारीनाथ के अरघा में जलार्पण कर मंगलकामना की. मंदिर परिसर बाबा के जयकारे से गूंजता रहा. महिलाओं पुरुष श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बाबा पर जलार्पण किया. मंदिर प्रांगण में अधिकारियों ने कांवरियों की कतार को सुचारू रूप से गर्भगृह में प्रवेश कराया. कांवरियों की श्रद्धा भक्ति व आस्था देखते ही बन रही थी. शिवभक्तों की कतार संस्कार मंडप, फलाहारी धर्मशाला, क्यू कॉम्पलेक्स, शिवगंगा पीड़ तक सिमटी रही. मंदिर संकीर्तनशाला के समीप जलार्पण काउंटर पर शिवभक्त कांवरियों ने गंगाजल डाला. मंदिर प्रबंधन के अनुसार 2 हजार श्रद्धालुओं ने जलार्पण काउंटर का लाभ उठाया. यहां डाला गया जल सीधे पाइपलाइन द्वारा मंदिर गर्भगृह शिवलिंग पर गिरता है.
7,35,990 रुपये की हुई आमदनी
मंदिर न्यास समिति को मंगलवार को विभिन्न स्रोतों से 7,35,990 रुपये की आमदनी प्राप्त हुई. मंदिर परिसर सथित विभिन्न दानपेटी से 3,70,000 रुपये एवं गर्भगृह गोलक से 43,120 रुपये नकद प्राप्त हुए. गोलक से 100 ग्राम चांदी एवं अन्य स्रोतों से 3,22, 870 तथा दान रसीद से 7,870 रुपये मंदिर को आमदनी हुई. दानपेटी व गोलक से निकले राशि की गिनती मंदिर प्रशासनिक भवन में सीसीटीवी व अधिकारी के निगरानी में किया गया.
1050 कांवरियों ने किया शीघ्रदर्शनम
शीघ्रदर्शनम व्यवस्था के तहत मंगलवार को 1050 श्रद्धालुओं ने बाबा फौजदारीनाथ का जलार्पण किया. इस व्यवस्था के तहत मंदिर न्यास समिति को 3 लाख 15 हजार रुपये की आमदनी हुई. इसके तहत कांवरियों को मंदिर कार्यालय से 300 रुपये का कूपन कटाना पड़ता है. मंदिर सिंह द्वार से उक्त श्रद्धालु को मंदिर प्रांगण में प्रवेश मिलता है. मंदिर प्रांगण स्थित विशेष द्वार से श्रद्धालु मंदिर गर्भगृह में प्रवेश कर जलार्पण करते हैं. मंदिर प्रबंधन के अनुसार इस व्यवस्था से कांवरिया खुश हैं. वहीं दस ग्राम चांदी के एक सिक्के की बिक्री हुई. शीघ्रदर्शनम की बेहतर व्यवस्था पर कांवरियों ने प्रसन्नता व्यक्त की.
शिवगंगा में एनडीआरएफ की टीम सक्रिय
शिवगंगा में किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए तीन शिफ्ट में एनडीआरएफ टीम के गोताखोर सक्रिय हैं. कांवरिया पवित्र शिवगंगा में आस्था की डुबकी लगाकर भोलेनाथ का जलार्पण कर रहे हैं. एनडीआरएफ की टीम शिवगंगा की सभी घाट पर घूमते रहते हैं तथा खतरे के निशान से किसी भी कांवरियों का आगे बढ़ने से रोकते हैं. टीम के सदस्यों के कारण कांवरियों की भीड़ से गंगा में सुरक्षित डुबकी लगा रही है. हालांकि शिवगंगा में पानी कम है लेकिन एनडीआरएफ की टीम शिवगंगा में डुबकी लगा रहे भक्तों को पाताल महादेव कुंड की ओर जाने से रोक रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




