रानीश्वर में पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, बूथों के चयन को लेकर पंचायत सचिवों को निर्देश
पंचायत सचिवों के साथ बैठक करते बीडीओ | Prabhat Khabar Network
रानीश्वर प्रखंड में 2027 के त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की तैयारी के तहत मतदान केंद्रों की स्थापना के लिए पंचायत सचिवों को निर्देश दिए गए हैं. ये केंद्र सरकारी भवनों में बनेंगे और इनमें मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा.
रानीश्वर : रविवार को प्रखंड कार्यालय कक्ष में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में बैठक की गयी. त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन (आम) 2027 के निमित्त मतदान केंद्रों की स्थापना के संबंध में पंचायत सचिवों के साथ बैठक की गयी.
सरकारी भवनों में बनेंगे मतदान केंद्र
बैठक में उपस्थित सभी पंचायत सचिवों को निर्देश दिया गया कि मतदान केंद्रों की स्थापना सरकारी या अर्द्ध सरकारी भवन या सरकारी प्राप्त संस्थानों के भवनों में की जायेगी. इनमें स्कूल, कॉलेज, पंचायत भवन, सामुदायिक भवन, पुस्तकालय आदि शामिल हैं.
एक भवन में अधिकतम छह मतदान केंद्र
निर्देश दिया गया कि मतदान केंद्रों में कम से कम दो दरवाजे अवश्य हों. वहीं एक भवन में अधिकतम 6 मतदान केंद्र ही स्थापित किए जा सकते हैं. इससे अधिक मतदान केंद्र एक भवन में स्थापित नहीं किए जाएंगे.
मूलभूत सुविधाओं का रखना होगा ध्यान
मतदान केंद्रों के चयन के समय विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया कि केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों. इनमें फर्नीचर, पेयजल, विद्युत और शौचालय की व्यवस्था आवश्यक है. इसके अलावा दिव्यांगों और वृद्धों की सुविधा के लिए रैंप होना भी जरूरी है.
तीन दिनों में जमा करना होगा जांच प्रतिवेदन
मतदान केंद्रों की स्थापना से संबंधित भौतिक जांच प्रतिवेदन तीन दिनों के अंदर प्रखंड कार्यालय में जमा करने का निर्देश सभी पंचायत सचिवों को दिया गया. ताकि मतदान केंद्रों के प्रारूप का प्रकाशन किया जा सके.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए