बारिश बनी आफत! भरभराकर गिरा कच्चा मकान, मलबे में दबे 8 सूकर
ध्वस्त मकान के सामने खड़े पीड़ित परिवार के सदस्य | Prabhat Khabar Network
लगातार बारिश से जर्जर हुआ कच्चा मकान गिरा, परिवार का लाखों का नुकसान. 8 सूकर मलबे में दबे. तत्काल मदद की गुहार.
मसलिया . मसलिया प्रखंड की कठलिया पंचायत अंतर्गत सीतासाल गांव में बीती रात लगातार बारिश के बीच एक गरीब परिवार का कच्चा मकान अचानक भरभराकर ध्वस्त हो गया . मकान गिरने से घर में रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया . वहीं, मकान में बंधे आठ सूकर भी मलबे में दबकर मर गये . घटना में परिवार को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है .
आपके शहर में
लगातार बारिश से जर्जर हो गया था मकान
जानकारी के अनुसार, सीतासाल गांव निवासी छतीस हेम्ब्रम का कच्चा मकान लगातार बारिश के कारण कमजोर हो गया था . दीवारों में नमी आने से मकान की स्थिति काफी जर्जर हो गयी थी . बीती रात अचानक मकान की दीवार भरभराकर गिर गयी और देखते ही देखते पूरा मकान ध्वस्त हो गया .
मकान में रखी साइकिल, करीब 50 किलो चावल, दो क्विंटल धान समेत अन्य घरेलू सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गये . इसके अलावा मकान में बंधे आठ सूकर भी मलबे में दब गये, जिससे उनकी मौत हो गयी .
परिवार के सामने खड़ा हुआ आर्थिक संकट
मकान ध्वस्त होने के बाद छतीस हेम्ब्रम के परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है . छतीस हेम्ब्रम अपनी पत्नी और चार छोटे-छोटे बच्चों के साथ इसी मकान में रहते थे . मकान गिर जाने के बाद परिवार के सामने रहने के साथ-साथ रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की भी समस्या उत्पन्न हो गयी है .
पीड़ित परिवार ने बताया कि मकान गिरने के बाद उनके पास रहने के लिए कोई सुरक्षित स्थान नहीं बचा है . परिवार ने प्रशासन से तत्काल मदद की गुहार लगायी है .
बाल-बाल बचा पूरा परिवार
गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य ध्वस्त हुए मकान में नहीं सो रहे थे . परिवार के सदस्य पास स्थित एक छोटे से मकान में सोये हुए थे . इस कारण हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई . हालांकि, मकान और सामान के साथ आठ सूकरों की मौत से परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा है .
मुआवजा और आवास की मांग
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराने और उचित मुआवजा देने की मांग की है . साथ ही परिवार के रहने के लिए आवास की व्यवस्था कराने की भी गुहार लगायी है . ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है .
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मिलन कुमार साधु
मिलन कुमार साधु वर्ष 2010 से प्रभात खबर से जुड़कर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत मसलिया प्रखंड के दलाही प्रतिनिधि के रूप में की थी. वर्तमान में वे प्रभात खबर के मसलिया प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं. सामाजिक, प्रशासनिक, राजनीतिक, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा जनसरोकार से जुड़े विषयों पर निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के संकलन एवं प्रकाशन में उनकी विशेष रुचि रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए