विदेश में गूंजेगा दुमका का नाम! झारखंडी फिल्मकार को IFFSA का न्योता
फिल्मकार प्रेम प्रकाश मोदी.
दुमका के फिल्मकार प्रेम प्रकाश मोदी को IFFSA टोरंटो 2026 में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित. 9 को उद्घाटन, 10 को फिल्म प्रीमियर, 11 को संवाद.
दुमका . फिल्मकार प्रेम प्रकाश मोदी को कनाडा में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय दक्षिण एशिया फिल्म महोत्सव टोरंटो 2026 (IFFSA Toronto) में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है . कनाडियन मल्टीकल्चरल हेरिटेज काउंसिल की ओर से उन्हें समारोह में विशेष सम्मानित अतिथि के तौर पर शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया है . आमंत्रण पत्र में दक्षिण एशियाई सिनेमा में उनके योगदान और विशिष्ट रचनात्मक पहचान की सराहना की गयी है .
आपके शहर में
8 से 18 अक्टूबर तक होगा आयोजन
IFFSA टोरंटो 2026 का आयोजन 8 से 18 अक्टूबर तक ग्रेटर टोरंटो क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठित स्थलों पर किया जायेगा . प्रेम प्रकाश मोदी 9 अक्टूबर को आयोजित उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे . वहीं, 10 अक्टूबर को उनकी फिल्म ‘तुम रहे न तुम’ का विश्व प्रीमियर होगा .
आयोजकों ने 11 अक्टूबर को प्रेम प्रकाश मोदी के अनुभव, फिल्म निर्माण और रचनात्मक यात्रा पर विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की भी इच्छा जतायी है . इस कार्यक्रम में उनके फिल्मी सफर और रचनात्मक दृष्टिकोण पर चर्चा होने की उम्मीद है .
दक्षिण एशियाई सिनेमा में योगदान की सराहना
कनाडियन मल्टीकल्चरल हेरिटेज काउंसिल ने आमंत्रण पत्र में कहा है कि प्रेम प्रकाश मोदी ने दक्षिण एशियाई सिनेमा में अपने योगदान और विशिष्ट रचनात्मक दृष्टिकोण के जरिये अंतरराष्ट्रीय फिल्म समुदाय में सम्मान अर्जित किया है .
आयोजकों ने उनके महोत्सव में शामिल होने को विशेष अवसर बताया है . साथ ही, उनके अनुभवों और फिल्म निर्माण की यात्रा से उभरते फिल्मकारों तथा दर्शकों को रूबरू कराने की इच्छा भी जतायी गयी है .
उत्तर अमेरिका का प्रमुख दक्षिण एशियाई फिल्म महोत्सव
कनाडियन मल्टीकल्चरल हेरिटेज काउंसिल की पहल पर आयोजित IFFSA टोरंटो इस वर्ष अपने 15वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है . आयोजकों के अनुसार, यह उत्तर अमेरिका का सबसे बड़ा दक्षिण एशियाई फिल्म महोत्सव है .
महोत्सव में दुनिया भर की दक्षिण एशियाई संस्कृति और पहचान से जुड़ी फिल्मों का प्रदर्शन किया जाता है . इसके अलावा गाला समारोह, रेड कारपेट, संगीत कार्यक्रम, परिचर्चा, कार्यशाला, मास्टरक्लास और फिल्म जगत से जुड़े लोगों के बीच संवाद व नेटवर्किंग के अवसर भी उपलब्ध कराये जाते हैं .
प्रियंका चोपड़ा समेत कई चर्चित हस्तियां रह चुकी हैं शामिल
IFFSA टोरंटो में इससे पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत की कई चर्चित हस्तियां शामिल हो चुकी हैं . आयोजकों ने अपने आमंत्रण पत्र में प्रियंका चोपड़ा, तापसी पन्नू, इम्तियाज अली, बोमन ईरानी, अनुराग कश्यप, मनोज बाजपेयी, शबाना आजमी, जावेद अख्तर, शर्मिला टैगोर, धर्मेंद्र, बॉबी देओल, सनी देओल और नंदिता दास समेत कई प्रमुख नामों का उल्लेख किया है .
ऐसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर दुमका के फिल्मकार प्रेम प्रकाश मोदी को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाना जिले के लिए गौरव की बात है . उनके फिल्मी सफर और रचनात्मक कार्यों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलना स्थानीय कला और सिनेमा के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है .
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए