हंसडीहा में प्रदर्शन का असर, 20 घंटे मिली बिजली; ग्रामीणों को राहत
सांकेतिक तस्वीर.
हंसडीहा में बिजली-नेटवर्क समस्या पर प्रदर्शन का बड़ा असर. 20 घंटे मिली नियमित बिजली, पर ग्रामीण स्थायी समाधान की मांग पर अड़े.
प्रतिनिधि, हंसडीहा: बिजली और मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर शुक्रवार को हंसडीहा चौक जाम कर ग्रामीणों के प्रदर्शन का असर दिखा है. प्रदर्शन के बाद बिजली विभाग ने हंसडीहा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुधारने की पहल की, जिसके बाद करीब 20 घंटे तक नियमित बिजली आपूर्ति हुई.
प्रदर्शन के दौरान बिजली विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को 19 से 20 घंटे नियमित बिजली आपूर्ति का आश्वासन दिया था. इसके बाद पावर सब-स्टेशन सरैयाहाट के कर्मियों को हंसडीहा फीडर को अनावश्यक रूप से बाधित नहीं करने और प्राथमिकता के आधार पर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
प्रदर्शन के बाद विभाग ने बढ़ाई निगरानी
विभागीय निर्देश के बाद हंसडीहा फीडर से बिजली आपूर्ति में सुधार हुआ. क्षेत्र के लोगों को लंबे समय के बाद लगातार बिजली मिलने से राहत मिली है.
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण घरेलू कामकाज के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और कारोबार भी प्रभावित हो रहा था. ऐसे में आपूर्ति में सुधार से लोगों को तत्काल राहत मिली है.
ग्रामीण बोले- राहत मिली, लेकिन स्थायी समाधान जरूरी
ग्रामीण रामदिवस जायसवाल ने कहा कि बिजली आपूर्ति में सुधार होने से लोगों को काफी राहत मिली है. उन्होंने इसके लिए विभागीय अधिकारियों के प्रयासों के प्रति आभार जताया.
हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि उन्हें सिर्फ अस्थायी राहत नहीं, बल्कि बिजली समस्या का स्थायी समाधान चाहिए. ग्रामीणों ने बिजली अधिकारियों से हंसडीहा क्षेत्र में निर्बाध और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की.
मोबाइल नेटवर्क की समस्या भी बनी चिंता
हंसडीहा क्षेत्र में बिजली के साथ मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर भी ग्रामीण परेशान हैं. शुक्रवार को ग्रामीणों ने दोनों समस्याओं को लेकर हंसडीहा चौक पर प्रदर्शन किया था.
अब बिजली आपूर्ति में सुधार के बाद ग्रामीणों की नजर मोबाइल नेटवर्क की समस्या के स्थायी समाधान पर है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए