डेढ़ माह से 80 घर अंधेरे में, स्कूल के 5 कंप्यूटर बंद; 112 बच्चों की ICT पढ़ाई पर ब्रेक

Updated:
विज्ञापन

आमगाछी में ट्रासफार्मर के समीप विरोध जताते ग्रामीण. | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

आमगाछी गांव में ट्रांसफार्मर जले डेढ़ माह, 80 घर अंधेरे में. स्कूल के 5 कंप्यूटर और 112 बच्चों की ICT क्लास बंद. ग्रामीण परेशान, विभाग ने दी सुगबुगाहट.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, बासुकिनाथ: जरमुंडी प्रखंड के गरडा अमराकुंडा पंचायत अंतर्गत आमगाछी गांव में ट्रांसफार्मर जले करीब डेढ़ माह बीत जाने के बावजूद अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है. बिजली आपूर्ति ठप रहने से गांव के करीब 80 घरों के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं.

विज्ञापन

बिजली संकट का असर गांव के राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, आमगाछी पर भी पड़ा है. विद्यालय में बिजली के साथ पानी, पंखा और आईसीटी क्लास की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है. बिजली नहीं रहने के कारण बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ स्कूल की रोजमर्रा की व्यवस्था भी बाधित हो गई है.

एक अगस्त से स्कूल की बिजली व्यवस्था ठप

विद्यालय के सचिव सह प्रधानाध्यापक मनोज कुमार साह ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने के कारण 1 अगस्त 2026 से विद्यालय में बिजली, पानी, पंखा और आईसीटी क्लास की सुविधा बाधित है.

उमस भरी गर्मी में बच्चे बिना पंखे के पढ़ने को मजबूर हैं. वहीं बिजली से संचालित मोटर पंप बंद रहने के कारण मध्याह्न भोजन बनाने और शौचालय के लिए पानी की समस्या भी उत्पन्न हो गई है.

प्रधानाध्यापक के अनुसार, बिजली की समस्या के कारण विद्यालय की कई जरूरी गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं.

पांच कंप्यूटर और प्रोजेक्टर बने शोभा की वस्तु

विद्यालय में संचालित आईसीटी क्लास भी बिजली के अभाव में बंद पड़ी है. आईसीटी क्लास के शिक्षक सलीम अंसारी ने बताया कि विद्यालय के 112 बच्चे इस कक्षा से जुड़े हैं.

बिजली नहीं रहने के कारण विद्यालय में लगे पांच कंप्यूटर और प्रोजेक्टर का इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है. इससे बच्चों की डिजिटल शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रभावित हो रहा है.

आईसीटी क्लास में बच्चों को कंप्यूटर ऑन-ऑफ करने, की-बोर्ड और माउस चलाने, फाइल व फोल्डर बनाने के साथ एमएस वर्ड, एक्सेल, पावरप्वाइंट, पेंट, इंटरनेट पर जानकारी खोजना, ई-मेल भेजना और ऑनलाइन फॉर्म भरना जैसी बुनियादी डिजिटल जानकारी दी जाती है.

लेकिन बिजली की समस्या के कारण इन सभी गतिविधियों का प्रैक्टिकल प्रशिक्षण पूरी तरह बंद है.

बच्चों की कंप्यूटर सीखने की उम्मीद पर लगा ब्रेक

कक्षा सात की छात्रा ब्यूटी कुमारी और छात्र चंद्रकांत मांझी ने बताया कि कई दिनों से आईसीटी क्लास नहीं हो रही है. स्कूल में पांच कंप्यूटर होने के बावजूद बिजली नहीं रहने के कारण उनका उपयोग नहीं हो पा रहा है.

उन्होंने कहा कि बिना प्रैक्टिकल के कंप्यूटर सीखना मुश्किल है.

आमगाछी में ट्रासफार्मर के समीप विरोध जताते ग्रामीण, स्कूल में बच्चे | Prabhat Khabar Network
बंद पड़े कंप्यूटर के सामने बैठें छात्र. | Prabhat Khabar Network

कक्षा आठ की छात्रा यशोदा कुमारी ने कहा कि दूसरे स्कूलों के बच्चे कंप्यूटर पर काम करना सीख रहे हैं, लेकिन उनके विद्यालय में पांच कंप्यूटर होने के बाद भी वे सिर्फ शोभा की वस्तु बने हुए हैं. पहले मैप और विज्ञान से जुड़े वीडियो के माध्यम से पढ़ाई को आसानी से समझने में मदद मिलती थी, लेकिन अब बिजली नहीं रहने के कारण ब्लैकबोर्ड के सहारे ही पढ़ाई करनी पड़ रही है.

वहीं कक्षा सात के भीम कुमार मांझी ने कहा कि उनके घर में कंप्यूटर नहीं है. उम्मीद थी कि स्कूल में कंप्यूटर सीखेंगे, लेकिन बिजली की समस्या के कारण आईसीटी क्लास बंद है.

ग्रामीण लगा रहे विभागीय कार्यालय के चक्कर

ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर करीब डेढ़ माह पहले जल गया था. इसके बाद से वे लगातार विद्युत विभाग के कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है.

बिजली नहीं रहने से रात में बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है. घरों में रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बच्चों को नियमित पढ़ाई करने में परेशानी हो रही है.

ग्रामीणों की मांग है कि जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि गांव के लोगों के साथ विद्यालय के बच्चों को भी राहत मिल सके.

विभाग को अब मिली जानकारी

बासुकिनाथ विद्युत प्रमंडल के कनीय अभियंता कृष्ण कुमार ने कहा कि ग्रामीणों और छात्रों की समस्या की जानकारी अभी मिली है. इस दिशा में यथाशीघ्र पहल की जाएगी.

अब ग्रामीणों और विद्यालय परिवार को विभाग की पहल और नए ट्रांसफार्मर लगने का इंतजार है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola