पेड़ों को बांधी राखी, बच्चों ने लिया रक्षा का संकल्प; दुमका के स्कूल में अनोखा अभियान
कार्यक्रम में उपस्थित डॉ अमरनाथ और स्कूली बच्चे. | Prabhat Khabar Network
दुमका के एक स्कूल में पर्यावरण और जैव विविधता संरक्षण को लेकर इको क्लब ने अनूठा 'वृक्ष रक्षाबंधन अभियान' चलाया. बच्चों और इको वॉरियर्स ने पौधों को राखी बांधकर उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया.
दुमका: पर्यावरण और जैव विविधता संरक्षण को लेकर एएन कॉलेज, दुमका के इको क्लब की ओर से चलाये जा रहे अभियान के तहत हरिपुर पंचायत के आदिवासी बहुल नेतूरपहाड़ी गांव स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में अनोखा वृक्ष रक्षाबंधन अभियान चलाया गया.
अभियान के दौरान स्कूली बच्चों, शिक्षिकाओं और इको वारियर्स ने पौधों में सांकेतिक रक्षा सूत्र बांधा और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य संताल परगना के प्राकृतिक वन क्षेत्रों में स्थानीय प्रजातियों के जंगली पौधों, खासकर कीस्टोन स्पेसीज के संरक्षण के प्रति ग्रामीणों और बच्चों में जागरूकता पैदा करना था.
पेड़ों को राखी बांधकर लिया सुरक्षा का संकल्प
अभियान के संयोजक एवं इको क्लब के कोऑर्डिनेटर डॉ. अमर नाथ सिंह ने शिक्षिकाओं, स्कूली बच्चों और इको वारियर्स को संबोधित किया.
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे केवल पर्यावरण का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि जीवन और जैव विविधता के आधार हैं. पेड़ों की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है. उन्होंने बच्चों से पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा का संकल्प लेने की अपील की.
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों और पेड़-पौधों का संरक्षण होगा, तभी प्राकृतिक आपदाओं से जीव-जंतुओं और मानव जीवन की रक्षा संभव होगी.
संथाली भाषा में समझाया पर्यावरण संरक्षण का महत्व
कार्यक्रम के दौरान शिक्षिकाओं, इको वारियर्स और स्कूली बच्चों ने पौधों में सांकेतिक रक्षा सूत्र बांधे. इसके बाद सभी ने पौधों की सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया.
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रतिमा गुप्ता ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया. वहीं अंशु मुर्मू ने संथाली भाषा में वृक्ष रक्षाबंधन अभियान के उद्देश्य और पर्यावरण संरक्षण में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी.
स्थानीय भाषा में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिए जाने से बच्चों और ग्रामीण परिवेश से जुड़े प्रतिभागियों के बीच अभियान का संदेश और प्रभावी तरीके से पहुंचा.
पांच साल से पर्यावरण संरक्षण में जुटा इको क्लब
एएन कॉलेज का इको क्लब पिछले पांच वर्षों से पर्यावरण एवं जैव विविधता संरक्षण के लिए लगातार काम कर रहा है.
इको क्लब की ओर से आसपास के आदिवासी बहुल गांवों में पौधारोपण के साथ-साथ पौधे, कंबल और पाठ्य सामग्री वितरण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किये जाते रहे हैं.
इसी अभियान की कड़ी में अब वृक्ष रक्षाबंधन कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय प्रजातियों के पेड़-पौधों के संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है.
बच्चों और इको वारियर्स ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
वृक्ष रक्षाबंधन अभियान में इको वारियर्स कुश, शहवाज, शीलू, अंशु, प्रिया, हर्षित, बाहा, देवरानी, सुभासिनी, रोजेलीन, नूतन, किरण, नीलम और ब्यूटी समेत बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भाग लिया.
बच्चों ने पौधों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी देखभाल और सुरक्षा का संकल्प लिया. अभियान के माध्यम से बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और प्रकृति के साथ जुड़ाव बढ़ाने का संदेश दिया गया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए