किशोरों के कंधे पर शराब की खेप!ट्रेन में तस्करी का खेल उजागर

Updated:
विज्ञापन

दुमका में ट्रेन से शराब तस्करी का खुलासा, 14 और 16 साल के किशोरों को कैरियर बनाकर बिहार भेजी जा रही थी शराब. आरपीएफ ने की बड़ी कार्रवाई.

विज्ञापन

दुमका. दुमका-रामपुरहाट रेलखंड के पिनरगढ़िया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने ट्रेन से शराब और बीयर की बड़ी खेप बरामद कर तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया है. बरामद शराब पश्चिम बंगाल से बिहार ले जायी जा रही थी. कार्रवाई के दौरान दो नाबालिग किशोरों को भी निरुद्ध किया गया, जिन्हें कथित तौर पर चंद पैसों के लालच में शराब का कैरियर बनाया गया था.

ट्रेन की तलाशी में मिली शराब की खेप

आरपीएफ के अनुसार तलाशी अभियान के दौरान ट्रेन से 50 बीयर केन और ऑफिसर चॉइस ब्रांड की 19 बोतलें बरामद की गयीं. निरुद्ध किये गये दोनों किशोरों की उम्र 14 और 16 वर्ष बतायी गयी है. दोनों बिहार के मुंगेर जिले के रहने वाले हैं.

दो हजार रुपये के बदले पहुंचानी थी शराब

पूछताछ में किशोरों ने बताया कि सागर यादव नामक व्यक्ति ने शराब को निर्धारित स्थान तक पहुंचाने के बदले दो हजार रुपये देने की बात कही थी. इसके बाद दोनों किशोर शराब की खेप लेकर ट्रेन से बिहार जा रहे थे. मामले में अब सागर यादव की भूमिका की जांच की जा रही है.

पश्चिम बंगाल से बिहार तक नेटवर्क की तलाश

आरपीएफ अधिकारियों ने बरामद शराब को आगे की कार्रवाई के लिए शिकारीपाड़ा थाना को सौंप दिया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब पश्चिम बंगाल के किस इलाके से भेजी गयी थी और बिहार में इसे कहां पहुंचाया जाना था. साथ ही सागर यादव से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है.

घटना ने शराब तस्करी के नेटवर्क में नाबालिगों के इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं. चंद पैसों के लालच में किशोरों को इस काम में शामिल करना उनके भविष्य के लिए भी चिंता का विषय है. रेलवे मार्ग से तस्करी की कोशिश ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. पुलिस ने मामले में जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई के संकेत दिये हैं.


विज्ञापन
Anand Jayswal

लेखक के बारे में

By Anand Jayswal

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola