काठीकुंड में फुटबॉल प्रतियोगिता का रोमांच चरम पर : पेनाल्टी में दादा भाई 6-7 दुमका ने मारी बाजी, जीता 50 हजार का खिताब
फुटबॉल मैच का आनंद लेती महिला दर्शक मैच का दृश्य | Prabhat Khabar Network
काठीकुंड में आयोजित जादू सोरेन मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में दादा भाई 6-7 दुमका ने हूडिंग ईपील को हराकर खिताब अपने नाम किया.
काठीकुंड : काठीकुंड हाई स्कूल स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आदिवासी क्लब काठीकुंड के तत्वावधान में आयोजित जादू सोरेन मेमोरियल दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ. फाइनल मुकाबला हूडिंग ईपील दुमका और दादा भाई 6-7 दुमका के बीच खेला गया. दोनों टीमों के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद पेनाल्टी कॉर्नर में दादा भाई 6-7 दुमका ने बाजी मारते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया.

दादा भाई दुमका ने जीता फुटबॉल खिताब, 50 हजार का पुरस्कार
फाइनल मुकाबला देखने के लिए काठीकुंड हाई स्कूल स्टेडियम में बड़ी संख्या में खेलप्रेमी पहुंचे थे. विजेता दादा भाई दुमका की टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये दुमका सांसद नलिन सोरेन की ओर से प्रदान किए गए. उपविजेता हूडिंग ईपील दुमका की टीम को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 30 हजार रुपये विधायक आलोक कुमार सोरेन ने प्रदान किए. प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर एफसी डाहर नांगी की टीम रही, जिसे 10 हजार रुपये का पुरस्कार सांसद प्रतिनिधि जोन सोरेन की ओर से दिया गया. वहीं, चौथे स्थान पर रही बारूघुड़ी की टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार झामुमो के वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रवीर सोरेन और संदीप सोरेन की ओर से प्रदान किया गया.

खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला, खेल भावना की सराहना
समापन समारोह के मौके पर सांसद नलिन सोरेन ने प्रतियोगिता की विजेता और उपविजेता टीमों को भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं. विधायक आलोक कुमार सोरेन ने खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन करने के लिए सभी टीमों को बधाई दी. जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आयोजन समिति के साथ-साथ खेलप्रेमियों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की. सांसद प्रतिनिधि ने फाइनल मुकाबले के दौरान जादू सोरेन मेमोरियल प्रतियोगिता के इतिहास और उद्देश्य पर प्रकाश डाला. वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रवीर सोरेन ने जीवन में खेल प्रतियोगिताओं के महत्व को रेखांकित किया.
इस मौके पर विधायक के पीए रजनीश कुमार, थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह, एसआई केदारनाथ पूर्ति, पंचायत के मुखिया रोशन मुर्मू, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल जब्बार, सचिव सिमोन टुडू, सहसचिव टिंकू भगत, वरिष्ठ कार्यकर्ता गौरीशंकर भगत सहित आदिवासी क्लब के विभिन्न पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










