धनबाद में वाहन चेकिंग के दौरान हंगामा, बाइक सवार महिला गिरी; बेटे पर ट्रैफिक जवानों से मारपीट का आरोप
सड़क पर गिरकर घायल हुई महिला
धनबाद के जेपी चौक पर हेलमेट चेकिंग के दौरान बाइक से गिरी महिला, बेटे ने ट्रैफिक पुलिस के साथ की हाथापाई. पुलिस ने दर्ज किया मामला.
धनबाद. बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के जेपी चौक के पास गुरुवार को वाहन चेकिंग के दौरान हंगामा हो गया. हेलमेट नहीं होने पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा बाइक रोकने के प्रयास के दौरान बाइक अनियंत्रित हो गयी और उस पर सवार महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गयी. घटना के बाद महिला के बेटे ने मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से विवाद शुरू कर दिया. मामला हाथापाई तक पहुंच गया. स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति शांत करायी.
बाइक अनियंत्रित होने से सड़क पर गिरी महिला
बताया जाता है कि झरिया निवासी युवक अपनी मां के साथ बाइक से कहीं जा रहा था. जेपी चौक के पास ट्रैफिक पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान हेलमेट नहीं होने पर पुलिसकर्मियों ने बाइक को रोकने का प्रयास किया. बाइक अनियंत्रित होने से पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गयी और गंभीर रूप से घायल हो गयी.

महिला के गिरने के बाद उनका पुत्र आक्रोशित हो गया और मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी वकील प्रसाद गोराईं से उलझ गया. विवाद बढ़ने पर युवक पर हाथापाई करने का आरोप है. बीच-बचाव करने पहुंचे ट्रैफिक जवान चंदन कुमार चौधरी के साथ भी हाथापाई की गयी.
लोगों ने बीच-बचाव कर शांत कराया मामला
घटना के दौरान जेपी चौक पर लोगों की भीड़ जुट गयी. स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और मामला शांत कराया. इसके बाद युवक अपनी घायल मां को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गया. चिकित्सकों की जांच में महिला के पैर में फ्रैक्चर की बात सामने आयी.
सरकारी काम में बाधा और मारपीट की शिकायत
घटना को लेकर ट्रैफिक जवान वकील प्रसाद गोराईं ने बैंक मोड़ थाना में युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है. शिकायत में सरकारी काम में बाधा डालने और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए