Dhanbad: वैश्विक संकट के बीच मुनाफाखोरी पर होगी सख्त कार्रवाई, SSP ने दी कड़ी चेतावनी

गैस एजेंसी के बाहर खड़ी लोगों की भीड़
Dhanbad: ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच जारी जंग का असर भारतीय बाजारों पर भी दिख रहा है. देशभर में रसोई गैस को लेकर मारामारी हो रही है. इस बीच धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी को चेताया है कि मुनाफाखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
प्रतीक पोपट
Dhanbad: ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच जारी जंग के कारण दुनियाभर में अस्थिरता का माहौल बना हुआ है. इस संकट का आंशिक असर न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बल्कि अपने देश के बाजार और आपूर्ति व्यवस्था पर भी देखने को मिल सकता है. ऐसे संवेदनशील समय में जहां पूरा भारत एकजुट होकर स्थिति का सामना कर रहा है, वहीं कुछ लोग इस आपदा को अवसर में बदलकर मुनाफाखोरी करने में जुटे हुए हैं. धनबाद पुलिस ने ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का संकेत दिया है.
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने सोमवार को इस मुद्दे पर स्पष्ट और कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि किसी भी परिस्थिति में आम जनता के हितों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अगर कोई दुकानदार, व्यापारी या अन्य व्यक्ति आवश्यक वस्तुओं को निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
कालाबाजारी पर रोक
एसएसपी ने विशेष रूप से खाद्य सामग्री, दैनिक उपयोग की वस्तुएं, दवाइयां, तेल, गैस और अन्य आवश्यक सामानों की कालाबाजारी और जमाखोरी को गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि समाज के प्रति गैर-जिम्मेदाराना और अमानवीय व्यवहार भी है. अगर ऐसे संकट की घड़ी में कोई जरूरतमंदों का शोषण करता हैं तो वह कानून के साथ-साथ सभ्य समाज में बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है.
गुप्त रुप से निगरानी कर रही है पुलिस
उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन के लोग लगातार बाजार की निगरानी कर रहे हैं. गुप्त रूप से भी सूचनाएं एकत्र की जा रही हैं, ताकि ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके. साथ ही, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है और आपूर्ति निर्बाध जारी है. व्यापारियों और दुकानदारों को संबोधित करते हुए एसएसपी ने अपील की कि वे अपनी सामाजिक जिम्मेदारी को समझें और ईमानदारी के साथ व्यापार करें.
ज्यादा कीमत पर सामान बेचने वालों की खैर नहीं
उन्होंने कहा कि किसी भी वस्तु को निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर न बेचें और अनावश्यक रूप से सामान का भंडारण न करें. ऐसा करना न केवल अवैध है, बल्कि समाज में असंतोष और अव्यवस्था को भी जन्म देता है. इसके साथ ही, आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे घबराहट में आकर जरूरत से ज्यादा खरीदारी न करें. अनावश्यक जमाखोरी से बाजार में कृत्रिम कमी उत्पन्न होती है, जिससे कीमतें बढ़ने लगती हैं और कमजोर वर्ग के लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है. प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी आवश्यक वस्तुएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें और आम जनता को किसी प्रकार की दिक्कत न हो.
एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति को कहीं भी अधिक कीमत वसूलने, कालाबाजारी करने या जमाखोरी की जानकारी मिलती है, तो वह तुरंत इसकी सूचना जिला प्रशासन या पुलिस को दें. शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




