धनबाद में अब फेस रिकग्निशन से बनेगी ग्रामीण डाक सेवकों की हाजिरी, इन-आउट होगी अनिवार्य
डाक विभाग ने शाखा पोस्टमास्टरों के लिए फेस रिकग्निशन आधारित हाजिरी अनिवार्य कर दी है. अब DARPAN उपकरण पर इन और आउट दोनों समय उपस्थिति दर्ज करना जरूरी होगा.
धनबादः डाक विभाग ने सभी शाखा डाकघरों में कार्यरत ग्रामीण डाक सेवक शाखा पोस्टमास्टरों के लिए फेस रिकग्निशन आधारित हाजिरी अनिवार्य कर दी है. अब शाखा पोस्टमास्टरों को डाक विभाग के डीएआरपीएएन उपकरण पर चेहरे की पहचान के जरिए कार्यालय पहुंचने और निकलने के समय उपस्थिति दर्ज करनी होगी. इसके तहत ‘इन’ और ‘आउट’ दोनों समय हाजिरी बनाना अनिवार्य होगा. इस संबंध में सभी मुख्य पोस्टमास्टर जनरल को निर्देश जारी किया गया है.
आपके शहर में
अब कार्यालय से निकलते समय भी दर्ज करनी होगी हाजिरी
विभाग के अनुसार, कई शाखा डाकघरों में शाखा पोस्टमास्टर कार्यालय पहुंचने के समय तो उपस्थिति दर्ज कर रहे थे, लेकिन निकलते समय ‘आउट’ हाजिरी नहीं बन रही थी. इससे दैनिक उपस्थिति का रिकॉर्ड अधूरा रह जाता था. अब शाखा डाकघरों के निर्धारित खुलने और बंद होने के समय के अनुसार डीएआरपीएएन उपकरण पर फेस रिकग्निशन के माध्यम से दोनों समय उपस्थिति दर्ज करना जरूरी होगा.
ये भी पढ़ें- Ranchi: कुत्ते को गली में गंदगी फैलाने से रोका, भड़के मालिक ने कर दी मारपीट
उपमंडलीय अधिकारी करेंगे रोजाना निगरानी
उपमंडलीय प्रमुखों को प्रतिदिन शाखा पोस्टमास्टरों की उपस्थिति की समीक्षा करनी होगी. इसके लिए उन्हें दैनिक उपस्थिति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाएगी. विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपस्थिति केवल इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की ओर से उपलब्ध कराए गए डीएआरपीएएन उपकरण के माध्यम से ही दर्ज की जाएगी. किसी अन्य माध्यम से उपस्थिति दर्ज किए जाने पर संबंधित अधिकारी इसकी जांच करेंगे.
तकनीकी समस्या होने पर तुरंत देनी होगी सूचना
फेस रिकग्निशन आधारित हाजिरी में किसी तरह की तकनीकी या संचालन संबंधी परेशानी आने पर शाखा पोस्टमास्टर को तत्काल उपमंडलीय और मंडलीय प्रमुख को इसकी सूचना देनी होगी. इसके बाद समस्या का समाधान कराया जाएगा. मंडलीय प्रमुखों को व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने के साथ नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
ये भी पढ़ें- रिम्स में MBBS की 250 सीटों पर आज से नामांकन, जानें किस दिन किसका होगा एडमिशन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए