श्रीराणी सती मंदिर में भादो अमावस्या महोत्सव, 251 महिलाओं ने निकाली कलश-ध्वजा शोभायात्रा
श्रीराणी सती मंदिर से निकली कलश-ध्वजा शोभा यात्रा
झरिया के श्रीराणी सती मंदिर में भादो अमावस्या महोत्सव के तीसरे दिन भव्य कलश-ध्वजा शोभायात्रा निकाली गई. भजनों और जयकारों से गूंजा पूरा मंदिर परिसर.
झरिया. लक्ष्मीनियां मोड़ स्थित श्रीराणी सती मंदिर में भादो अमावस्या महोत्सव के तीसरे दिन गुरुवार को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ कलश एवं ध्वजा शोभायात्रा निकाली गयी. पंडित मुना शास्त्री ने मंत्रोच्चार के साथ दादी जी के कलश एवं ध्वजा की पूजा करायी. इस दौरान दादी जी का भव्य श्रृंगार किया गया और मंदिर को फूलों व विद्युत सज्जा से आकर्षक रूप दिया गया.
251 महिलाओं ने निकाली कलश-ध्वजा शोभायात्रा
महोत्सव के तहत निकली शोभायात्रा में 251 महिलाएं कलश एवं ध्वजा लेकर शामिल हुईं. प्रधान कलश पूजन जजमान सूरज झुनझुनवाला ने कराया. इसके बाद वे शोभायात्रा में सबसे आगे चल रहे थे.
शोभायात्रा सब्जी पट्टी, बाटा मोड़, मेन रोड, चिल्ड्रेन पार्क और लाल बाजार होते हुए श्रीराणी सती मंदिर पहुंची. यहां कलश एवं ध्वजा दादी जी को अर्पित किये गये. बैंड पार्टी की प्रस्तुति और भक्तों के जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय बना रहा.

भजन संध्या में देर रात तक झूमे श्रद्धालु
शाम 6:30 बजे दादी जी का अलौकिक श्रृंगार किया गया. इसके बाद अखंड ज्योति की पूजा हुई और श्रद्धालुओं ने ज्योत ली. रात 7 बजे से रानीगंज की भजन गायिका जूली खंडेलवाल और स्थानीय मंडली ने भजनों की प्रस्तुति शुरू की.
भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. भक्त देर रात तक भजनों पर झूमते रहे और पूरे मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा.
ये भी पढ़ें: कतरास की बंद रामकनाली कोलियरी में बड़ी चोरी, पंखा घर से 3 लाख का कॉपर केबल गायब
कमेटी के सदस्य रहे सक्रिय
कार्यक्रम को सफल बनाने में कमेटी के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद गोयनका, अरुण झुनझुनवाला, नथमल अग्रवाल, छेदी तुलस्यान, आलोक अग्रवाल, सत्यनारायण भोजगढ़िया, अनिल खेमका, संदीप सांवरिया, अनिल चौधरी, गोपाल अग्रवाल, रामचंद्र अग्रवाल, पुनीत गोयनका, संदीप कटेसरिया, संजय झुनझुनवाला, बृजमोहन अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, अनिल भिवानीवाला और संजय कथूरिया समेत अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही.
शुक्रवार को होंगे कई धार्मिक अनुष्ठान
महोत्सव के तहत शुक्रवार को सुबह 5 बजे मंगला आरती और पंचधारी भोग होगा. सुबह 6 बजे पूजन-जात जडूला और 10:30 बजे खीर-पूड़ा भोग लगाया जायेगा. शाम 5 बजे दादी जी का भव्य श्रृंगार, 6 बजे छप्पन भोग और रात 7 बजे से कीर्तन का आयोजन होगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए