निरसा में अपराधियों का तांडव, ECL कोलियरी में बमबाजी और फायरिंग, सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल

Updated:
विज्ञापन

ईसीएल के वर्कशॉप के बाहर खड़े मजदूर

धनबाद के निरसा स्थित ECL कोलियरी में सोमवार देर रात अपराधियों ने उत्पात मचाया. केबल चोरी के प्रयास में सुरक्षा गार्डों से हुई फायरिंग और बमबाजी में एक गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया. इस घटना के विरोध में मजदूरों ने उत्पादन बंद कर दिया है.

विज्ञापन

अरिंदम/ निवास

आपके शहर में

विज्ञापन

Dhanbad News (निरसा): धनबाद के निरसा स्थित ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) की हड़ियाजाम कोलियरी के 27 नंबर इंक्लाईन में सोमवार देर रात सशस्त्र अपराधियों ने जमकर उत्पात मचाया. केबल चोरी करने पहुंचे अपराधियों और सुरक्षा कर्मियों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई. जाते-जाते अपराधियों ने बम फेंक दिया, जिसकी चपेट में आने से एरिया सिक्योरिटी गार्ड सुजीत मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

केबल चोरी के दौरान हुई फायरिंग

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 12 बजे केबल चोरों का एक गिरोह ECL मुगमा क्षेत्र की हड़ियाजाम कोलियरी के 27 नंबर इंक्लाइन में घुस गया. वहां तैनात सुरक्षा गार्डों को इसकी भनक लगते ही एरिया सिक्योरिटी और निरसा पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे. इस दौरान अपराधी करीब 60 फुट केबल काटकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे. सुरक्षा बलों की सक्रियता के कारण अपराधी केबल छोड़कर भाग निकले और बाद में काटा गया केबल बरामद कर लिया गया.

डेढ़ घंटे बाद फिर लौटे अपराधी

बताया जाता है कि पहली घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद, रात लगभग दो बजे अपराधी दोबारा 27 नंबर इंक्लाइन पहुंचे. वहां तैनात गार्ड जीत भंडारी के साथ मारपीट कर उन्हें भगा दिया और फिर से केबल काटने लगे. दोबारा सूचना मिलने पर एरिया सिक्योरिटी और निरसा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. इस दौरान अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग की. जवाब में सुरक्षा कर्मियों और पुलिस ने भी फायरिंग की.

बमबाजी में घायल हुआ सुरक्षा गार्ड

फायरिंग के बीच अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए बम फेंक दिया. बम का एक हिस्सा एरिया सिक्योरिटी गार्ड सुजीत मंडल के पैर में लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल सुरक्षा कर्मी को तत्काल सकतोड़िया स्थित मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

प्रबंधन ने दर्ज कराई शिकायत

हड़ियाजाम कोलियरी के प्रबंधक आनंद मोर्य ने बताया कि अपराधी लगभग 20 से 25 मीटर केबल ले गए हैं. हालांकि वह केबल उपयोग में नहीं था. मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंप दी गई है और जांच जारी है.

सुरक्षा की मांग को लेकर मजदूरों का प्रदर्शन

घटना के विरोध में मंगलवार सुबह मजदूरों ने कोलियरी का उत्पादन कार्य बंद कर दिया. मजदूरों का कहना है कि जब तक सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाते, तब तक वे दूसरी और तीसरी पाली में काम नहीं करेंगे. मजदूरों के आंदोलन को बिहार कोलियरी कामगार यूनियन, जनता मजदूर संघ और झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन का भी समर्थन मिला है. कोलियरी प्रबंधन ने मजदूरों की मांग और उत्पादन बंदी की सूचना क्षेत्रीय कार्यालय को भेज दी है.

बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप में भी लाखों की चोरी

इसी रात अपराधियों ने ECL मुगमा क्षेत्र के बंद पड़े बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप को भी निशाना बनाया. बताया जाता है कि 20 से 25 अपराधियों ने वर्कशॉप की चारदीवारी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और डीजी रूम से केबल तथा स्टोर रूम से पीतल के कई पार्ट्स चोरी कर लिए. वर्कशॉप बंद होने के कारण चोरी गई सामग्री का सटीक आकलन नहीं हो सका है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये मूल्य के केबल और पीतल के सामान की चोरी हुई है.

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले हड़ियाजाम कोलियरी के कुहुका गांव स्थित भीटी पंप में भी अपराधियों ने बमबाजी की थी, जिसमें एक ECL कर्मी की मौत हो गई थी. ताजा घटना के बाद एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

ये भी पढ़ें...

हाईवे पर दिनदहाड़े युवतिओं की कार पर हमला, स्कॉर्पियो सवार सनकियों ने पीछा कर तोड़ा शीशा

स्टोन क्रशर की हैवी ब्लास्टिंग से दरक रही घरों की दीवारें, हरकत में आया खनन विभाग


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola