धनबाद: JLKM विधायक जयराम महतो के खिलाफ एकजुट हुआ मुखिया संघ, दुर्व्यवहार का आरोप लगा जताया विरोध
धनबाद के बरवाअड्डा में मुखिया संघ की बैठक में शामिल लोग
धनबाद जिला मुखिया संघ ने जेएलकेएम विधायक जयराम महतो पर अमर्यादित व्यवहार और जालसाजी के आरोपी को छुड़ाने के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है. संघ ने दोषी पाए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है.
बरवाअड्डा से हीरा लाल की रिपोर्ट
आपके शहर में
धनबाद: धनबाद जिला मुखिया संघ की बैठक बुधवार को बरवाअड्डा में आयोजित की गई. इस बैठक की अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष गयासुद्दीन अंसारी ने की. लगभग एक घंटे तक चली इस बैठक में उपस्थित सभी वक्ताओं ने डुमरी से जेएलकेएम (JLKM) विधायक जयराम महतो द्वारा बरवाअड्डा थाना परिसर में बडापिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के पुत्र प्रदीप रजक के साथ किए गए कथित अमर्यादित व्यवहार और दुर्व्यवहार की घटना की घोर निंदा की.
जालसाजी के आरोपी को छुड़ाने का प्रयास करने का आरोप
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गयासुद्दीन अंसारी ने कहा कि मुखिया संघ पीड़ित मुखिया यशोदा देवी और उनके परिवार के साथ पूरी मजबूती के साथ खड़ा है. उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक जयराम महतो ने किसी व्यक्ति के बहकावे में आकर जालसाजी के एक आरोपी युवक को बचाने और पुलिस हिरासत से छुड़ाने का प्रयास किया. इस दौरान विधायक द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा पूरी तरह से अमर्यादित और असंसदीय थी, जो एक जन प्रतिनिधि को शोभा नहीं देती.
ये भी पढ़ें: जयराम महतो-थानेदार विवाद में कूदे बाबूलाल मरांडी, कहा- 'क्या मर्यादा का नियम सिर्फ जनप्रतिनिधियों के लिए है'?
कठोर कानूनी कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
जिलाध्यक्ष गयासुद्दीन अंसारी ने जिला पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और पड़ताल की जाए. उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन विधायक जयराम महतो और उनके समर्थकों के खिलाफ विधि सम्मत कठोर कानूनी कार्रवाई करे. संघ ने चेतावनी दी है कि यदि दोषी पाए जाने पर संबंधित आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो धनबाद जिला मुखिया संघ सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा. इस बैठक में मुख्य रूप से बाबुराम हेंब्रम, अख्तर अंसारी, वीरेंद्र रजक, अनवर अंसारी, सुधीर महतो, अनवर हुसैन और आशुतोष रजक समेत संघ के कई अन्य सदस्य और प्रतिनिधि उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें: विधायक जयराम महतो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस एसोसिएशन ने दिया पांच दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए