कोरोना काल से लड़ रहे थे जिंदगी की जंग, अब पूर्व विधायक इंद्रजीत महतो लौटेंगे घर! पत्नी बोलीं- स्वास्थ्य में है सुधार
पूर्व विधायक इंद्रजीत महतो
Indrajit Mahto: सिंदरी के पूर्व विधायक इंद्रजीत महतो के प्रशंसकों के लिए सुखद समाचार है! करीब 5 साल तक हैदराबाद में गंभीर बीमारी का इलाज कराने के बाद वे अपने घर पहाड़पुर वापस आ रहे हैं. पत्नी तारा देवी ने बताया कि उनकी सेहत में सुधार है और वापसी के लिए एयर एम्बुलेंस का टिकट भी कट गया है.
Indrajit Mahto, धनबाद : सिंदरी विधानसभा के पूर्व विधायक इंद्रजीत महतो पिछले पांच वर्षों से हैदराबाद में जिंदगी की जंग जीतने के बाद अब अपने घर वापस लौटने को तैयार हैं. उनकी पत्नी और भाजपा नेत्री तारा देवी ने जानकारी दी है कि पूर्व विधायक जल्द ही बलियापुर स्थित अपने आवास पहाड़पुर पहुंचेंगे. उन्होंने बताया कि वापसी के लिए एयर एंबुलेंस का टिकट बुक कर लिया गया है और उनकी सेहत में पहले के मुकाबले काफी सुधार हुआ है.
कोरोना काल से शुरू हुआ था बीमारी का सफर
इंद्रजीत महतो अप्रैल 2021 से ही गंभीर रूप से बीमार हैं. जानकारी के अनुसार वह उस दिन मधुपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने गए थे. वहां से लौटने के तुरंत बाद उनकी तबीयत बिगड़ी. 12 अप्रैल 2021 को उन्हें धनबाद के जालान अस्पताल में भर्ती कराया गया था. स्थिति नाजुक होने के कारण, 17 अप्रैल 2021 को उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिये बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद ले जाया गया था.
हैदराबाद में चला लंबा इलाज
पूर्व विधायक का इलाज हैदराबाद के एचसीएएच सुवितास रिहैबिलिटेशन सेंटर में चल रहा है. इस लंबे उपचार के दौरान झारखंड और देश के कई दिग्गज नेताओं ने हैदराबाद पहुंचकर उनका हाल जाना था. इनमें केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी समेत कई मंत्री व समाजसेवी शामिल थे.
समर्थकों में भारी उत्साह
इंद्रजीत महतो के घर लौटने की खबर से बलियापुर-सिंदरी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है. तारा देवी ने बताया कि वे अब रिकवरी की राह पर हैं और अपने लोगों के बीच लौटने को लेकर परिवार भी काफी भावुक है.
Also Read: झारखंड शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, कस्तूरबा विद्यालयों में टेंडर प्रक्रिया की मांगी टाइमलाइन
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए