गोविंदपुर में खुदिया नदी से मिला 42 वर्षीय व्यक्ति का शव, सोमवार से थे लापता; जांच में जुटी पुलिस
घटना स्थल पर जुटी भीड़
गोविंदपुर के मुर्गाबनी में खुदिया नदी में एक व्यक्ति का शव मिला, जिससे सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 42 वर्षीय अनेश कुमार हाड़ी के रूप में हुई है, जो सोमवार सुबह से लापता थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
धनबाद. गोविंदपुर थाना क्षेत्र के मुर्गाबनी स्थित खुदिया नदी में बुधवार को एक व्यक्ति का शव तैरता मिला. शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गयी. सूचना मिलते ही गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकालकर कब्जे में लिया. मृतक की पहचान मुर्गाबनी निवासी अनेश कुमार हाड़ी (42) के रूप में हुई है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में आशंका जतायी जा रही है कि नदी में गिरने के कारण डूबने से अनेश की मौत हुई होगी. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सोमवार सुबह से लापता था अनेश
जानकारी के अनुसार, अनेश कुमार हाड़ी सोमवार सुबह घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटे थे. उनके लापता होने के बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. लापता होने की सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रसारित की गयी थी, ताकि उनके बारे में जानकारी मिल सके. परिजन और ग्रामीण अपने स्तर से लगातार उनकी खोजबीन कर रहे थे.
बुधवार को खुदिया नदी में एक शव मिलने की सूचना मिली. मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अनेश कुमार हाड़ी के रूप में की. इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया.
मछली पकड़ने के लिए घर से निकले थे
परिजनों के अनुसार, अनेश अक्सर मछली पकड़ने के लिए नदी या आसपास के जलस्रोतों की ओर जाते थे. सोमवार को भी वह मछली पकड़ने के लिए घर से निकले थे. उन्होंने परिवार के सदस्यों को यह नहीं बताया था कि वह नदी के किस हिस्से में जा रहे हैं. इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला.

परिजनों ने बताया कि अनेश को पहले से दौरे की समस्या थी. पुलिस जांच में यह भी देखा जा रहा है कि घटना के समय वह नदी के किनारे किस परिस्थिति में पहुंचे थे.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
अनेश स्वर्गीय कांतो हाड़ी के तीन पुत्रों में मंझले थे और अविवाहित थे. उनकी मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद मुर्गाबनी और आसपास के क्षेत्र में भी शोक का माहौल है. ग्रामीणों के अनुसार, अनेश सरल स्वभाव के थे और अक्सर मछली पकड़ने के लिए नदी की ओर जाते थे.
पुलिस ने घटनास्थल की प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों को लेकर अभी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए