गोफ के बाद फेंसिंग को लेकर बीसीसीएल-ग्रामीण आमने-सामने, खतरे में एक दर्जन परिवार

Updated:
विज्ञापन

फेंसिंग करने पहुंचे बीसीसीएल कर्मियों से बात करते स्थानीय लोग | Prabhat Khabar Network

गोधर की न्यू गोधर कुसुंडा कोलियरी में भू-धंसान का दायरा लगातार बढ़ रहा है, जिससे पांच अगस्त की घटना के बाद पांच फीट लंबा गोफ बन गया. नया गोफ बनने के बाद बीसीसीएल की टीम फेंसिंग करने पहुंची तो ग्रामीणों ने सुविधाएं न मिलने का आरोप लगाते हुए काम रोक दिया.

विज्ञापन

कुसुंडा क्षेत्र की न्यू गोधर कुसुंडा कोलियरी के गोधर छह खिलान धौड़ा में पांच अगस्त को हुए भू-धंसान का दायरा शनिवार को और बढ़ गया. शनिवार की सुबह यहां करीब तीन फीट चौड़ा और पांच फीट लंबा गोफ बन गया. वहीं, 18 मई को तीन नंबर चानक के पास हुए भू-धंसान स्थल के समीप शनिवार दोपहर करीब 12 बजे तेज आवाज के साथ 25 फीट से अधिक व्यास का गोलाकार गहरा गोफ बन गया. गोफ से लगातार जहरीली गैस का रिसाव होने की बात कही जा रही है. लगातार हो रहे भू-धंसान से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है.

आपके शहर में

विज्ञापन

असुरक्षित क्षेत्र घोषित, फिर भी रह रहे परिवार

गोधर में हुए भू धसान की तस्वीर और फेंसिंग करने पहुंचे बीसीसीएल कर्मियों से बात करते स्थानीय लोग | Prabhat Khabar Network
गोधर में हुए भू-धसान की तस्वीर व आसपास रह रहे लोग| Prabhat Khabar Network

बीसीसीएल प्रबंधन ने प्रभावित क्षेत्र को पहले ही असुरक्षित घोषित कर फेंसिंग करा दी है. कई परिवारों को बेलगड़िया भी शिफ्ट किया जा चुका है, लेकिन अब भी एक दर्जन से अधिक परिवार खतरे के साये में रहने को मजबूर हैं. लगातार जमीन धंसने की घटनाओं के बीच स्थानीय लोग अपने जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.

गोफ की फेंसिंग करने पहुंची टीम को ग्रामीणों ने रोका

नये गोफ की जानकारी मिलने के बाद बीसीसीएल की टीम फेंसिंग करने पहुंची. इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने काम रोक दिया. ग्रामीणों का आरोप था कि प्रबंधन हर बार गोफ बनने के बाद ही सक्रिय होता है. घटना के बाद फेंसिंग और बेलगड़िया में पुनर्वास का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन गोफ भरने के बाद शिफ्टिंग की प्रक्रिया फिर धीमी पड़ जाती है.

गोधर में हुए भू धसान की तस्वीर और फेंसिंग करने पहुंचे बीसीसीएल कर्मियों से बात करते स्थानीय लोग | Prabhat Khabar Network
गोधर में हुए भू धसान की तस्वीर | Prabhat Khabar Network

ग्रामीणों ने कहा कि वे बेलगड़िया शिफ्ट होने के लिए तैयार हैं, लेकिन वहां पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहतर नहीं है. यदि इन सुविधाओं को दुरुस्त कर दिया जाये, तो उन्हें वहां जाने में कोई आपत्ति नहीं है.

आश्वासन के बाद शांत हुए ग्रामीण, हुई फेंसिंग

ग्रामीणों के विरोध के बाद कोलियरी प्रबंधन की ओर से फोन पर उन्हें आश्वासन दिया गया. इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और बीसीसीएल टीम ने चानक के पास बने नये गोफ की फेंसिंग का काम पूरा कराया. हालांकि, लगातार हो रहे भू-धंसान के कारण क्षेत्र के लोगों की चिंता बनी हुई है.

जल्द शिफ्ट किये जायेंगे शेष परिवार : पीओ

न्यू गोधर कुसुंडा कोलियरी के पीओ दिलीप कुमार ने बताया कि पूरा इलाका अग्नि एवं भू-धंसान प्रभावित घोषित है. कई परिवारों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा चुका है और शेष लोगों को भी जल्द शिफ्ट किया जायेगा. उन्होंने बताया कि बेलगड़िया में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने के लिए संबंधित एजेंसियों से बातचीत चल रही है.

पीओ ने लोगों से अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खतरनाक क्षेत्र को जल्द खाली कर बेलगड़िया शिफ्ट होने की अपील की है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola