मालगाड़ी दुर्घटना के बाद चार रैक फंसे: बीसीसीएल साइडिंग का जायजा लेने पहुंचे रेल अधिकारी, ट्रैक सुरक्षा के लिए दिए ये बड़े निर्देश
निरीक्षण के लिए पहूंचे अधिकारी | Prabhat Khabar Network
धनबाद के न्यू मधुबन कोलवाशरी साइडिंग में दो डिब्बे बेपटरी होने के बाद DRM ने किया निरीक्षण. कोयला आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए BCCL को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.
धनबाद. आद्रा रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) मुकेश गुप्ता ने मंगलवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बीसीसीएल ब्लॉक-2 क्षेत्र स्थित न्यू मधुबन कोलवाशरी रेलवे साइडिंग का निरीक्षण किया. यह निरीक्षण दो दिन पहले साइडिंग में कोयला लदी मालगाड़ी के दो डिब्बों के बेपटरी होने की घटना के बाद किया गया. घटना के कारण रैक लोडिंग का कार्य प्रभावित है और वाश्ड कोल से लदे चार रैक अब भी रेलवे लाइन पर खड़े हैं.
डीआरएम ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया और बीसीसीएल प्रबंधन को रेलवे लाइन की मरम्मत जल्द पूरी कर परिचालन सामान्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कोयला परिवहन प्रभावित नहीं हो, इसके लिए आवश्यक तकनीकी और रखरखाव संबंधी कार्यों में तेजी लायी जाये.
ये भी पढ़ें: कभी जहां सजती थीं सांस्कृतिक शामें, आज वहां पसरती है गंदगी; जानिए बीसीसीएल बरोरा के नेहरू क्लब का पूरा सच
ट्रैक सुरक्षा को लेकर दिये तकनीकी निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कई तकनीकी सुझाव दिये. उन्होंने निर्देश दिया कि लोडिंग के दौरान रेलवे ट्रैक पर गिरने वाले कोयले को रोकने के लिए ट्रैक से लगभग एक मीटर की दूरी पर तीन फीट ऊंची दीवार का निर्माण कराया जाये. साथ ही रेलवे ट्रैक की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा.
डीआरएम ने ब्लॉक-2 क्षेत्र के महाप्रबंधक को कोयला रैक की लोडिंग क्षमता बढ़ाने का भी सुझाव दिया. उन्होंने भरोसा दिलाया कि बीसीसीएल की मांग के अनुरूप रेलवे समय पर पर्याप्त रैक उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा, ताकि कोयला परिवहन और आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे.
अधिकारियों ने लिया स्थिति का जायजा
जानकारी के अनुसार डीआरएम विशेष सैलून से दोपहर करीब 12 बजे खानूडीह स्टेशन पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से न्यू मधुबन साइडिंग का निरीक्षण करने गये. मौके पर ब्लॉक-2 क्षेत्र के जीएम कुमार रंजीव और बरोरा क्षेत्र के जीएम केके सिंह ने उनका स्वागत किया.
निरीक्षण के दौरान रेलवे और बीसीसीएल के कई अधिकारी उपस्थित रहे. इनमें एडीइएन महुदा बीके पांडेय, ट्रैक्शन इंचार्ज राजू बाबू, डीएफ राकेश कुमार, खानूडीह स्टेशन के अधिकारी रंजीत चौधरी, विजय रवानी, श्रीकांत पाठक, आरपीएफ प्रभारी कुमार राजीव तथा बीसीसीएल के सीनियर सेल्स मार्केटिंग अधिकारी निशांत बारवानी, सेल्स मैनेजर चंद्रदीप कुमार, वाशरी पीओ कोसत्व दत्ता सहित अन्य अधिकारी शामिल थे.
ये भी पढ़ें: IIT ISM Dhanbad: सस्टेनेबल डेवलपमेंट पर अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का समापन, जानिए दिग्गजों ने क्या दिए सुझाव
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए