ePaper

बे-मौसम बारिश ने खोली नगर निगम की पोल, कतरास की सड़कों पर भरा लबालब पानी

Updated at : 10 Mar 2026 8:43 AM (IST)
विज्ञापन
Dhanbad News

सोमवार को हुई बारिश से कतरास की सड़कों पर जमा पानी. फोटो: प्रभात खबर

Dhanbad News: धनबाद के कतरास में बे-मौसम बारिश और आंधी ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी. सब्जी पट्टी और रानी बाजार की सड़कें जलमग्न हो गईं. दुकानों में नाली का गंदा पानी घुस गया, जिससे दुकानदारों को नुकसान हुआ और लोगों को घुटनों तक पानी में चलना पड़ा. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

धनबाद से सुमन सिंह की रिपोर्ट

Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले के कतरास कोयलांचल में सोमवार को अचानक आई आंधी और तेज बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी. कुछ ही देर की बारिश में इलाके की कई सड़कें पानी से लबालब भर गईं. हालात ऐसे हो गए कि मुख्य बाजारों में सड़कों पर नदी जैसा नजारा देखने को मिला. लोगों को घुटनों तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ा. बारिश के बाद जलनिकासी की खराब व्यवस्था से लोगों की परेशानी और बढ़ गई. कई जगहों पर नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहता दिखाई दिया, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

सब्जी पट्टी और रानी बाजार की गलियां बनी तालाब

तेज बारिश के बाद कतरास के सब्जी पट्टी और रानी बाजार की गलियां पूरी तरह जलमग्न हो गईं. सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन लगभग ठप हो गया. कई जगहों पर जाम की स्थिति बन गई और लोगों को घंटों तक परेशान होना पड़ा. सड़कों पर गड्ढों में भरे पानी के कारण कई लोग दुर्घटना का शिकार भी हुए. खासकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. पानी के कारण गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे थे, जिससे वाहन चालक असंतुलित होकर गिरते भी नजर आए.

दुकानों में घुसा गंदा पानी, दुकानदारों को नुकसान

बारिश के बाद नालियों का गंदा पानी बाजार की दुकानों में घुस गया. सब्जी पट्टी के छोटे दुकानदारों को इससे भारी नुकसान हुआ. कई दुकानदारों की सब्जियां पानी में डूब गईं, जिससे उनकी मेहनत पर पानी फिर गया. दुकानदारों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश में ही अगर यह हाल है, तो भारी बारिश में स्थिति और भी बदतर हो सकती है. गंदे पानी में खड़े होकर उन्हें अपनी दुकानों को संभालना पड़ा.

लोगों ने उठाए नगर निगम पर सवाल

स्थानीय लोगों ने इस स्थिति के लिए नगर निगम को जिम्मेदार ठहराया है. उनका कहना है कि नालों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण जलनिकासी की व्यवस्था पूरी तरह फेल हो गई. लोगों का कहना है कि हर बार चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन जमीन पर स्थिति में कोई सुधार नहीं होता. वार्ड की समस्याएं वर्षों से जस की तस बनी हुई हैं.

इसे भी पढ़ें: झारखंड में 10 और 11 मार्च को गरज के साथ बरस सकते हैं बादल, येलो अलर्ट जारी

तूफान से पेड़ गिरे, दीवार भी ढही

आंधी-तूफान के कारण कई जगहों पर बड़े-बड़े पेड़ भी गिर गए. इससे कुछ समय के लिए रास्ते भी बाधित हो गए. इसके अलावा तेज बारिश के कारण एक माइनिंग आउटसोर्सिंग कंपनी की चारदीवारी भी गिर गई. हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन लोगों का कहना है कि अगर समय रहते जलनिकासी और नालों की सफाई की व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है. स्थानीय लोग अब नगर निगम से जल्द ही ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं, ताकि बारिश के समय इस तरह की समस्याओं से राहत मिल सके.

इसे भी पढ़ें: हजारीबाग में अधिकारी बेपरवाह, शहर की सड़कों पर पड़ा है मलबों का ढेर

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola