झारखंड से कोलकाता आकर खेल रहे थे जुआ, गिरोह के चार क्रिकेट सट्टेबाज गिरफ्तार
AI से बनी तस्वीर
झारखंड से आकर कोलकाता में ऑनलाइन जुआ और क्रिकेट सट्टेबाजी का गोरखधंधा चलाने वाले चार सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इन आरोपियों पर लोगों से लाखों रुपये ठगने का आरोप है.
कोलकाता से विकास कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
झारखंड से कोलकाता आकर लोगों को ठगने वाले गिरोह के चार सदस्यों को पूर्व जादवपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने अपनी पहचान सौरव कुमार सिंदुरिया, विकास कुमार वर्मा, धीरज कुमार ठाकुर और ओम प्रकाश साह के रूप में बताई है. सभी आरोपी झारखंड के धनबाद जिले के रहने वाले बताए गए हैं. ये लोग पूर्व जादवपुर इलाके के दिनेश नगर में ऑनलाइन जुआ और क्रिकेट सट्टेबाजी का गोरखधंधा चला रहे थे. पूर्व जादवपुर थाने के एसआई दीपक मंडल की शिकायत के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया है.
कैसे हुआ खुलासा
पुलिस को सूचना मिली थी कि दिनेश नगर के एक फ्लैट में बैठकर कुछ युवक अवैध रूप से ऑनलाइन जुआ खेलने का रैकेट चला रहे हैं. इस सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान फ्लैट के अंदर चार लोगों को मोबाइल फोन, लैपटॉप, टैबलेट और नकदी का उपयोग करके लोगों के साथ धोखाधड़ी करते रंगेहाथ पकड़ा गया.
दो मुख्य संदिग्धों पर गिरोह चलाने का आरोप
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह अवैध धंधा लंबे समय से पवन साव और रोहित नामक व्यक्तियों के नेतृत्व में चलाया जा रहा था. आरोपी मौके पर जुआ चलाने से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं कर सके. पुलिस ने मौके से नौ मोबाइल फोन, एक टैबलेट, एक लैपटॉप, चार अलग-अलग बैंकों के डेबिट कार्ड और 26 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूर्व जादवपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और पश्चिम बंगाल जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस इस मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों पवन साव और रोहित की तलाश कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
Also Read: पश्चिम बंगाल बनेगा देश का ‘सीड हब’, खुलेंगे चार कृषि प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए