कर्णकोल में ड्रिप इरिगेशन के गोदाम में आग, 13.40 लाख का सामान जलकर राख
देवघर के कर्णकोल में ड्रिप इरिगेशन के एक गोदाम में आग लग गई, जिससे करीब 13.40 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया. गोदाम मालिक ने अज्ञात लोगों पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाया है.
देवघर : कुंडा थाना क्षेत्र के कर्णकोल में ड्रिप इरिगेशन के सामान रखे गोदाम में आग लगने से करीब 13.40 लाख रुपये के सामान जलकर नष्ट हो गये. घटना 11 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे की बतायी गयी है. मामले को लेकर गोदाम मालिक बिहार अंतर्गत जमुई जिले के पुरानी बाजार निवासी रवि कुमार भगत की शिकायत पर कुंडा थाना में प्राथमिकी संख्या 113/2026 दर्ज की गयी है.
चार सितंबर को रखा था सामान
दर्ज मामले में रवि ने बताया है कि उन्होंने कुंडा थाना क्षेत्र के कर्णकोल में करीब 1000 वर्गफीट का गोदाम किराये पर लिया है. इसमें उन्होंने ड्रिप इरिगेशन का करीब 13,40,483 रुपये का सामान चार सितंबर को रखा था.
स्टाफ को फोन कर दी आग की जानकारी
11 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे गोदाम मालिक नीतू कुमारी के पति सुनील कुमार ने उनके स्टाफ मोनू कुमार को फोन कर गोदाम में आग लगने की जानकारी दी. इसके बाद मोनू ने फोन कर रवि को घटना की सूचना दी. जानकारी मिलने पर रवि ने भी सुनील से बात कर गोदाम में आग लगने की पुष्टि की.
सुबह तक आग पर पाया काबू
रवि के अनुसार, वह जमुई में रहते हैं. सूचना मिलने के बाद वह जमुई से देवघर के लिए रवाना हुए. इस दौरान गोदाम की मकान मालकिन नीतू कुमारी मौके पर पहुंची और आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ी बुलायी. गोदाम मालिक भी अपने स्टाफ शशि भूषण प्रसाद और योगेश कुमार के साथ रात में मौके पर पहुंचे. दमकल की गाड़ियों ने सुबह तक आग पर काबू पाया.
अज्ञात लोगों पर आग लगाने का आरोप
गोदाम मालिक ने आरोप लगाया है कि अज्ञात लोगों ने उन्हें आर्थिक क्षति पहुंचाने की नीयत से गोदाम में आग लगायी है. उन्होंने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए