एक किलो कोयला भी नहीं जाएगा बाहर:खनिज बिल पर झारखंड में गरमाई सियासत
प्रेस कॉन्फ्रेंस करते पूर्व सांसद फुरकान अंसारी व उपस्थित कांग्रेसी नेता | Prabhat Khabar Network
पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने केंद्र सरकार के खनिज संशोधन बिल 2026 का विरोध करते हुए चेतावनी दी है कि झारखंड से एक किलो कोयला भी बाहर नहीं जाने दिया जाएगा. उन्होंने केंद्र से 1.60 लाख करोड़ रुपये के बकाये का भुगतान करने की भी मांग की है.
संवाददाता, देवघर : चंदा चोरी और खनिज संशोधन बिल 2026 के विरोध में गोड्डा संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने शनिवार को स्थानीय होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने धोखे से खनिज संशोधन बिल पारित कराया है और यह कानून झारखंड को आर्थिक रूप से कमजोर करने की साजिश है.
आपके शहर में
बकाया 1.60 लाख करोड़ दे केंद्र
फुरकान अंसारी ने केंद्र सरकार से झारखंड के बकाया 1.60 लाख करोड़ रुपये का भुगतान करने और खनिज संशोधन कानून को तत्काल वापस लेने की मांग की. उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गयीं, तो झारखंड से एक किलो कोयला भी बाहर नहीं जाने दिया जायेगा. जरूरत पड़ी तो राज्यव्यापी नाकेबंदी की जायेगी.
उन्होंने कहा कि जिस तरह किसान आंदोलन के बाद केंद्र सरकार को कृषि कानून वापस लेना पड़ा था, उसी तरह खनिज संशोधन कानून भी वापस लेना होगा. उन्होंने इसे झारखंड के हितों से जुड़ा मुद्दा बताते हुए आंदोलन को व्यापक रूप देने की बात कही.
9 से 16 सितंबर तक प्रखंड स्तर पर आंदोलन
पूर्व सांसद ने बताया कि बिल के विरोध में नौ से 16 सितंबर तक प्रखंड स्तर पर निर्धारित कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. इसके बाद आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जायेगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आंदोलन को मजबूत बनाने की अपील की.
राम मंदिर के चंदे की जांच की मांग
प्रेस कॉन्फ्रेंस में फुरकान अंसारी ने अयोध्या में राम मंदिर के चंदे में कथित 200 करोड़ रुपये की हेराफेरी का आरोप भी लगाया. उन्होंने मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश से कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि मंदिरों के चंदे में गड़बड़ी की शिकायतें गंभीर हैं और इनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में भी चंदा चोरी का मामला सामने आने की बात कही.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिलाध्यक्ष राजेंद्र दास, उपाध्यक्ष दिनेशानंद झा, डॉ. मुन्नम संजय, दीपक प्रकाश, अवधेश प्रजापति, प्रियांशु, दिनेश मंडल सहित अन्य मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए