देवघर से बेंगलुरु का हवाई सफर होगा आसान, 1 अक्टूबर से रोजाना उड़ान और बुकिंग शुरू
Prabhat Khabar Network
देवघर से बेंगलुरु के बीच इंडिगो की विमान सेवा 1 अक्टूबर से प्रतिदिन संचालित होगी. रोजाना उड़ान शुरू होने से यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी. छात्र, मरीज और तीर्थयात्री इस नई सेवा का लाभ उठा सकते हैं.
देवघर : देवघर से बेंगलुरु के बीच इंडिगो की विमान सेवा एक अक्टूबर से प्रतिदिन नियमित रूप से संचालित होगी. फिलहाल यह सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित की जा रही है. रोजाना उड़ान शुरू होने से देवघर समेत संताल परगना के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी.
आपके शहर में
छात्रों, मरीजों और नौकरी-पेशा लोगों को राहत
बेंगलुरु जाने वाले छात्रों, मरीजों और नौकरी-पेशा लोगों के साथ दक्षिण भारत से देवघर आने वाले तीर्थ यात्रियों को विमान सेवा सीमित होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. रोजाना उड़ान शुरू होने से इन यात्रियों को बेहतर हवाई संपर्क मिलने की उम्मीद है.
सांसद की पहल के बाद जारी हुआ शेड्यूल
यात्रियों की असुविधा को देखते हुए गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने इंडिगो के एमडी राहुल भाटिया से बातचीत कर देवघर-बेंगलुरु हवाई सेवा को नियमित करने की मांग की थी. सांसद की पहल के बाद इंडिगो के आंतरिक प्रबंधन स्तर पर इस संबंध में बैठक हुई. इसके बाद एक अक्टूबर से देवघर-बेंगलुरु और बेंगलुरु-देवघर के बीच प्रतिदिन विमान सेवा संचालित करने का शेड्यूल जारी किया गया है.
एक अक्टूबर से बुकिंग भी शुरू
प्रतिदिन विमान सेवा के लिए बुकिंग शुरू हो चुकी है. जानकारी के अनुसार, एक से सात अक्टूबर तक अलग-अलग दिनों में देवघर से बेंगलुरु और बेंगलुरु से देवघर जाने वाली उड़ानों में 50 प्रतिशत से अधिक सीटों की बुकिंग हो चुकी है. यात्रियों की मांग के अनुसार अलग-अलग तिथियों पर विमान किराये में अंतर भी देखने को मिल रहा है.
तीर्थ यात्रियों को भी मिलेगा लाभ
रोजाना विमान सेवा शुरू होने से मरीजों, छात्रों और आईटी सेक्टर में नौकरी करने वालों के अलावा दक्षिण भारत से बाबा बैद्यनाथ का दर्शन करने देवघर आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर हवाई संपर्क मिलेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए