‘शिव शंकर को जिसने पूजा’ से ‘बम-बम भोले’ तक झूमा शिवलोक, गुलशन-उमाशंकर की सुरमयी प्रस्तुति ने बांधा समां
शिव लोक में सांस्कृतिक कार्यक्रम | Prabhat Khabar Network
देवघर श्रावणी मेले में शिवलोक परिसर में भक्ति संगीत संध्या का आयोजन. गुलशन तिवारी, उमाशंकर मिश्रा के भजनों ने बांधा समां. झांकियों ने बढ़ाया आकर्षण.
संजीत मंडल,देवघर. राजकीय श्रावणी मेला के दौरान शिवलोक परिसर में आयोजित लगातार सांस्कृतिक संध्या में मंगलवार की शाम भक्ति संगीत और भजनों के नाम रही. सुरों और भक्ति के अनूठे संगम ने ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर तक मंत्रमुग्ध होकर प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे.
आपके शहर में
भक्ति गीतों ने बांधा समां
गायक गुलशन तिवारी, उमाशंकर मिश्रा तथा चंदन चटर्जी एंड ग्रुप के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत और भजन प्रस्तुत कर पूरे माहौल को शिवमय बना दिया. कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु तालियां बजाते हुए भक्ति भाव में झूमते नजर आये.
गायिका रश्मि तिवारी ने भी अपनी मधुर आवाज से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया. उनके भक्ति गीतों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजायीं और कलाकारों का उत्साह बढ़ाया.
झांकी ने बढ़ाया कार्यक्रम का आकर्षण

सांस्कृतिक संध्या में संगीत के साथ आकर्षक झांकी भी प्रस्तुत की गयी. अवि सांवरिया एंड ग्रुप ने झांकी के माध्यम से मनमोहक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में भक्ति के साथ मनोरंजन का रंग भर दिया. प्रस्तुति के दौरान शिवलोक परिसर में मौजूद श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम से जुड़े रहे.
मंच संचालन की जिम्मेदारी उद्घोषक गौरव गोरे ने संभाली. अपनी प्रभावी और आकर्षक उद्घोषणा से उन्होंने कार्यक्रम को लगातार रोचक बनाए रखा. वहीं कथा वाचन नंदलाल पंडित ने किया, जिसने सांस्कृतिक संध्या के आध्यात्मिक रंग को और गहरा कर दिया.
संगीत में साज़िंदे विकाश, सुशील, मिथलेश, हरि नारायण और सुजोय ने संगत दी. कलाकारों और वाद्य यंत्रों की शानदार जुगलबंदी ने प्रस्तुतियों में और मिठास घोल दी.
तालियों और भजनों से गूंजता रहा शिवलोक
सांस्कृतिक संध्या के दौरान शिवलोक परिसर श्रद्धालुओं की तालियों, भक्ति गीतों और जयकारों से गूंजता रहा. श्रावणी मेला में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक आनंद का एक और माध्यम बन रहे हैं. मंगलवार की शाम भी संगीत, भक्ति और आस्था के इसी संगम ने शिवलोक परिसर को देर रात तक भक्तिमय बनाए रखा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए