जमीन कब्जाने को लेकर घर पर बमबाजी का आरोप, पुलिस कार्रवाई में देरी से एसपी के पास पहुंचा परिवार
एसपी कार्यालय के पास पीड़ित परिवार | Prabhat Khabar Network
भू-माफियाओं पर जमीन कब्जाने की नीयत से घर पर बमबाजी और जानलेवा हमले का आरोप. पुलिस कार्रवाई में देरी पर पीड़ित परिवार ने एसपी से सुरक्षा की मांग की.
देवघर : कुंडा थाना क्षेत्र के चांदडीह निवासी दयानंद नापित (35) और उनके परिवार ने भू-माफियाओं पर जमीन कब्जाने की नीयत से घर पर बमबाजी और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है. पुलिस की कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए दयानंद ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय पहुंचकर एसपी के नाम आवेदन सौंपा. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की.
आपके शहर में
दरवाजा नहीं खोला तो बम फेंकने का आरोप
एसपी को दिये आवेदन में दयानंद ने बताया कि 21 अगस्त की देर रात करीब 2:30 बजे पड़ोस के कुछ लोग उनके दरवाजे पर पहुंचे. उनके मुंह गमछे से ढके थे. दयानंद ने चार नामजद और तीन अज्ञात लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है. आरोप है कि सभी गाली-गलौज करते हुए दरवाजा खोलने के लिए जोर-जोर से धक्का देने लगे. भय के कारण परिजनों ने दरवाजा नहीं खोला, तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से घर पर बम फेंक दिया.
112 पर दी सूचना, पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप
घटना के बाद दयानंद ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची. पीड़ित का आरोप है कि कुंडा थाना में लिखित आवेदन देने के बावजूद मामले में केवल औपचारिकता निभायी गयी. एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया.
एसपी से सुरक्षा की गुहार
दयानंद ने आरोप लगाया कि पुलिस की शिथिलता के कारण आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और परिवार को जमीन से बेदखल करने तथा जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. पीड़ित परिवार ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने और जानलेवा हमला करने के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए