रसोइया सोनू की संदिग्ध मौत के बाद सड़क पर उतरा परिवार, शव रख लखोरिया मोड़ किया जाम
सड़क जाम करते परिजन l Prabhat Khabar Network
विधायक के रसोइए सोनू की संदिग्ध मौत से परिवार सदमे में. हत्या का आरोप लगाते हुए परिजनों ने देवघर-सारठ सड़क पर शव रखकर जाम किया, न्याय की मांग.
सारवां : जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर के आवास पर रसोइया का काम करने वाले सारवां थाना क्षेत्र के दोयमतेलिया गांव निवासी सोनू राउत (26) की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद परिजनों ने जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को देवघर-सारठ मुख्य सड़क के लखोरिया मोड़ के पास शव रखकर जाम कर दिया. जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. श्रावणी मेला के लिए सुल्तानगंज जा रहे कांवरियों को भी घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा.
आपके शहर में
विधायक को मौके पर बुलाने की मांग
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर कृष्ण दत्त झा, थाना प्रभारी संदीप कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मुकेश मिश्रा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे. डहुवा मुखिया दिवाकर पासवान, समाजसेवी पवन चंद्रवंशी, चंदन वर्मा, अर्जुन हाजरा, शहबाज हुसैन सहित अन्य लोगों ने भी परिजनों को समझाने का प्रयास किया. हालांकि, परिजन अपनी मांग पर डटे रहे. उन्होंने विधायक को जाम स्थल पर बुलाने, मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
चाचा ने नौ लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक के चाचा सुनील राउत ने हंसडीहा थाना में आवेदन देकर बताया है कि सोनू करीब चार माह से नोनीहाट निवासी जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर के यहां खाना बनाने का काम कर रहा था. आवेदन के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को सोनू विधायक से छुट्टी लेकर घर आया था और 18 अगस्त को मनसा पूजा के लिए घर पर था. 24 अगस्त को शाम करीब 3:30 बजे विधायक के दामाद मिथिलेश कुमार सिंह ने फोन कर सोनू के फांसी लगाकर मौत होने की सूचना दी.
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मौके पर पहुंचने पर सोनू रस्सी के सहारे लटका मिला. मृतक के चाचा ने विधायक देवेंद्र कुंवर समेत नौ लोगों को आरोपित बनाते हुए हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
भाई बोला- इंसाफ मिलने तक जारी रखेंगे संघर्ष
मृतक के भाई करण कुमार राउत ने कहा कि उनका भाई विधायक के यहां रसोइया का काम करता था. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई की हत्या हुई है और परिवार को इंसाफ चाहिए. इसी मांग को लेकर सड़क जाम किया गया.
सोनू की शादी करीब छह माह पहले हुई थी. वह परिवार का कमाऊ सदस्य था. उसकी मौत के बाद पत्नी, माता-पिता और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है.
साढ़े तीन घंटे बाद हटा जाम
सड़क जाम दोपहर तीन बजे से शाम करीब साढ़े छह बजे तक रहा. समाजसेवियों और पुलिस के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम हटा लिया. इसके बाद सड़क पर आवागमन सामान्य हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए