Deoghar news : चार श्रम कानूनों को वापस लेने की मांग, संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा के प्रतिनिधि सड़क पर उतरे
Published by : SANJAY KUMAR RANA Updated At : 12 Feb 2026 7:32 PM
एसपी माइंस चितरा कोलियरी में चार श्रम कानूनों को वापस करने की मांग को लेकर गुरुवार को संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा के नेतृत्व में कोल कर्मियों और मजदूरों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया
प्रतिनिधि, चितरा . एसपी माइंस चितरा कोलियरी में चार श्रम कानूनों को वापस करने की मांग को लेकर गुरुवार को संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा के नेतृत्व में कोल कर्मियों और मजदूरों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, जिससे लगभग दो घंटे तक कोलियरी का कामकाज प्रभावित रहा. हड़ताल के समर्थन में संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा में शामिल प्रतिनिधि कोलियरी के मुख्य वर्कशॉप के सामने सड़क पर बैठ गये. प्रदर्शनकारियों ने श्रम कानूनों के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. मौके पर ट्रेड यूनियन मोर्चा के प्रतिनिधि पशुपति कोल, राजेश राय, योगेश राय, बलदेव महतो, अरुण महतो, रामदेव सिंह, युधिष्ठिर यादव, होपना मरांडी, गौतम महतो समेत अन्य नेताओं ने कहा कि चारों श्रम कानून मजदूर हितों के विरुद्ध हैं. वहीं चितरा कोलियरी ट्रेड यूनियन मोर्चा के महेंद्र प्रसाद राणा, नवल किशोर राय, वरुण सिंह, प्रसादी दास, विलास राय, संतोष महतो, शंकर मल्लिक समेत अन्य प्रतिनिधि ने हड़ताल का समर्थन नहीं किया. इस दौरान चितरा थाना प्रभारी विकास पासवान, इसीएल सुरक्षा विभाग रूपेश मिश्रा, अनूप कुमार व सीआइएसएफ के जवान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैनात रहे. हड़ताल कर रहे यूनियन प्रतिनिधियों को हिरासत में भी लिया गया. दो घंटे के बाद पुनः कोलियरी का कामकाज चालू हो गया. कोलियरी के जीएम एके. आनंद ने कहा कि कुछ देर के व्यवधान के बाद कोयले का उत्पादन का शुरू कर दिया गया. हड़ताल को सफल बनाने में वाम दल के नेता ने भी समर्थन दिया. मौके पर भाकपा के जिला मंत्री अर्जुन यादव, भाकपा नेत्री छाया कोल, जिला मंत्री होपना मरांडी, नवल किशोर सिंह, प्रवीण शरण, सुरेश मुर्मू, सुरेश कुमार गुप्ता, सीता राम हेंब्रम, अरुण मंडल समेत अन्य ने चितरा जामताड़ा रेलवे साइडिंग कोयला ढुलाई को कुछ देर के लिए बाधित कर दिया. लेकिन थाना प्रभारी ने कोयला ढुलाई का कार्य चालू कराया. ॰चितरा कोलियरी में प्रदर्शनकारियों का जोरदार विरोध-प्रदर्शन, लगभग दो घंटे कामकाज रहा प्रभावित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










