CBSE में चमका देवघर का लाल, राज्य टॉपर स्वस्तिक राज को मिला सम्मान
डीएवी भंडारकोला में चिकित्सकों की टीम ने सीबीएसई 10वीं में झारखंड टाॅपर बनने पर छात्र स्वस्तिक राज को किया सम्मानित. | Prabhat Khabar Network
देवघर के स्वस्तिक राज ने CBSE 10वीं में राज्य टॉप किया. जानिए उनकी सफलता का मंत्र और सम्मान समारोह की पूरी जानकारी.
देवघर. सीबीएसई कक्षा 10वीं की परीक्षा 2025-26 में राज्य स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल करने वाले गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, भंडारकोला के छात्र स्वस्तिक राज को बुधवार को विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया. स्वस्तिक की शानदार उपलब्धि से विद्यालय के साथ देवघर और झारखंड का भी गौरव बढ़ा है. समारोह में शहर के जाने-माने चिकित्सक डॉ डी तिवारी, डॉ एनडी मिश्रा, डॉ कुमार गौरव और डॉ राधा मोहन मिश्रा अतिथि के रूप में मौजूद रहे. स्वस्तिक की माता कुमारी प्रियंका भी समारोह में शामिल हुईं.
आपके शहर में
दीप प्रज्वलन से शुरू हुआ सम्मान समारोह
समारोह का शुभारंभ अतिथियों और विद्यालय के प्राचार्य मोहम्मद मुस्तफा मजीद ने दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया.
विद्यालय की ओर से प्राचार्य ने सभी अतिथियों को स्मृति-चिह्न और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. वहीं राज्य स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल करने वाले स्वस्तिक राज और उनकी माता को स्मृति-चिह्न, अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.
मेहनत, अनुशासन और नियमित अध्ययन बना सफलता का मंत्र
प्राचार्य मोहम्मद मुस्तफा मजीद ने स्वस्तिक की उपलब्धि को मेहनत, अनुशासन, नियमित अध्ययन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के सहयोग का परिणाम बताया. उन्होंने कहा कि स्वस्तिक की सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है.
मुख्य अतिथि डॉ डी तिवारी ने कहा कि स्वस्तिक ने अपनी प्रतिभा और अनुशासन के बल पर विद्यालय के साथ देवघर का नाम रोशन किया है. डॉ एनडी मिश्रा ने निरंतर परिश्रम और सही मार्गदर्शन को सफलता का आधार बताया.
दृढ़ इच्छाशक्ति से हासिल किया मुकाम
डॉ कुमार गौरव ने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर अभ्यास लक्ष्य हासिल करने की कुंजी है. वहीं डॉ राधा मोहन मिश्रा ने स्वस्तिक की उपलब्धि को सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया. उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर लगातार मेहनत करने का आह्वान किया.
स्वस्तिक की माता कुमारी प्रियंका ने सम्मान के लिए विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों के प्रति आभार जताया. उन्होंने बेटे की सफलता में विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहयोग को महत्वपूर्ण बताया.
शांति पाठ के साथ हुआ समारोह का समापन
कार्यक्रम के अंत में शिक्षक एसएन झा ने धन्यवाद ज्ञापन किया. इसके बाद अभिषेक सूर्य द्वारा शांति पाठ किया गया. शांति पाठ के साथ सम्मान समारोह का समापन हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए