चतरा के हंटरगंज में भीषण आग से लाखों की संपत्ति राख, सोना-चांदी के जेवर भी जले

Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 27 May 2026 8:02 PM

विज्ञापन

हंटरगंज के गोदाबार में लगी आग के बाद बिखरा सामान. फोटो: प्रभात खबर

Chatra News: चतरा के हंटरगंज स्थित गोदोबार गांव में भीषण आग लगने से एक घर जलकर राख हो गया. घटना में घरेलू सामान, जरूरी दस्तावेज और सोना-चांदी के आभूषण नष्ट हो गये. शॉर्ट सर्किट से लगी आग में करीब छह लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

चतरा से दीनबंधू और मो कासिफ की रिपोर्ट

Chatra News: झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड अंतर्गत गोदोबार गांव में सोमवार को भीषण आग लगने से एक घर पूरी तरह जलकर राख हो गया. आग की इस घटना में घर में रखा घरेलू सामान, खाद्य सामग्री, जरूरी दस्तावेज और महिलाओं के सोना-चांदी के आभूषण जल गये. घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बताया जाता है कि आग गोदोबारर गांव निवासी तपस्वी सिंह उर्फ फोड़ सिंह के घर में लगी. शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. ग्रामीणों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिल सका.

देखते ही देखते आग ने लिया विकराल रूप

ग्रामीणों ने बताया कि घर से अचानक धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं. कुछ ही देर में आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया. आसपास के लोग बाल्टी और पानी के अन्य साधनों से आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आग लगातार बढ़ती गयी. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया. घटना में खांची, टोकरी, झाड़ू, खाद्य सामग्री, कपड़े और घरेलू उपयोग की अन्य वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गयीं. इसके अलावा महिलाओं के सोना-चांदी के आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी आग की भेंट चढ़ गये.

छह लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान

पीड़ित परिवार और ग्रामीणों के अनुसार आगजनी की इस घटना में करीब छह लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है. परिवार के लोग घटना के बाद सदमे में हैं. उनका कहना है कि वर्षों की मेहनत से जुटाया गया सामान कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गया. ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय पर दमकल वाहन नहीं पहुंचता तो आग आसपास के अन्य घरों तक भी फैल सकती थी. हालांकि काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.

चतरा से बुलानी पड़ी दमकल

आग की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन को जानकारी दी गयी. इसके बाद चतरा से दमकल वाहन को मौके पर भेजा गया. दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया. हालांकि, जब तक आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, तब तक घर में रखा लगभग सारा सामान जल चुका था. घटना के बाद गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गयी.

बीडीओ और मुखिया ने लिया जायजा

घटना की सूचना मिलने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी निखिल गौरव, कमान कच्छप और मुखिया बृज किशोर सिंह मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया. बीडीओ निखिल गौरव ने कहा कि हंटरगंज क्षेत्र में लंबे समय से फायर सब-स्टेशन की जरूरत महसूस की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस विषय को जिला प्रशासन के समक्ष रखा जायेगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सके.

इसे भी पढ़ें: खरसावां में भाजपा के जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर को लेकर हुई बैठक, 30 व 31 मई को होगा प्रशिक्षण

ग्रामीणों ने मांगी सहायता

घटना के बाद ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता देने की मांग की है. लोगों का कहना है कि गरीब परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और प्रशासन को तत्काल राहत उपलब्ध करानी चाहिए. ग्रामीणों ने यह भी कहा कि यदि क्षेत्र में फायर सब-स्टेशन की व्यवस्था होती तो आग पर जल्दी काबू पाया जा सकता था और नुकसान कम होता. फिलहाल पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है और गांव के लोग उनकी मदद में जुटे हैं.

इसे भी पढ़ें: डायन-बिसाही के शक में टांगी से काटकर की थी पांच लोगों की हत्या, मिली उम्रकैद की सजा

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola