गयाजी के धनगांई थाना क्षेत्र से बरामद हुआ अपहृत ऑटो चालक, दो गिरफ्तार
प्रेस कांफ्रेंस करते एसपी व परिजनों को सौंपते एसपी व अन्य | Prabhat Khabar Network
चतरा पुलिस ने अपहरण के एक सनसनीखेज मामले को सुलझा लिया है. अपहृत ऑटो चालक तिलक यादव को बिहार के गया से सकुशल बरामद कर लिया गया है. इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
चतरा. सदर थाना के नगवां निवासी ऑटो चालक तिलक यादव के अपहरण मामले में चतरा पुलिस ने सफलता हासिल की है. पुलिस ने तिलक यादव को बिहार के गयाजी जिले के धनगांई थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद करते हुए घटना में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में इटखोरी थाना क्षेत्र के महुआ गांव निवासी कैलाश दांगी (पिता- स्व बालदेव दांगी) और बिहार के गयाजी जिला धनगांई थाना पतलुका गांव के मनोज कुमार (पिता- विदेशी मंडल) शामिल हैं.
घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक (जेएच-13के-8511) के अलावा दो मोबाइल जब्त किये गये. यह जानकारी एसपी अनिमेष नैथानी ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस कांफ्रेंस कर दी. उन्होंने बताया कि तिलक यादव के भाई सुरेंद्र यादव के लिखित आवेदन के आधार पर 16 सितंबर को सदर थाना कांड संख्या 390/26 दर्ज किया गया था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी शाखा की मदद से तिलक की तलाश शुरू की. लगातार कार्रवाई करते हुए बिहार के धनगांई थाना क्षेत्र में सुराग मिला. इसके बाद टीम ने वहां छापेमारी कर तिलक यादव को सकुशल बरामद कर लिया. साथ ही घटना में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है.
ऑटो चालक को परिजनों को सौंपा गया, परिजनों ने पुलिस का आभार जताया. बता दें कि ऑटो चालक तिलक यादव को 13 सितंबर से अपहरण कर लिया गया था. गिरफ्तार आरोपी कैलाश दांगी के खिलाफ इटखोरी, चौपारण, शेरघाटी और सदर थाना में पहले से मामले दर्ज हैं.
आरोपी मनोज कुमार के संबंध में पुलिस ने बताया कि वह गया (बिहार) में अवैध शराब तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है. छापेमारी दल में एसडीपीओ सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, हंटरगंज के पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार, एसआइ अनुरंजन कुजूर, एसआई सुनील सिंह, इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, मयूरहंड थाना प्रभारी राहुल दुबे, सदर थाना के एएसआइ रविरंजन कुमार, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए