जेल चले जाएंगे, फांसी पर लटक जाएंगे, लेकिन माफी नहीं मांगेंगे : जयराम महतो
प्रेस कांफ्रेंस करते जयराम महतो | Prabhat Khabar Network
जेएलकेएम नेता जयराम महतो ने वायरल ऑडियो मामले पर कहा कि वे जेल जाने को तैयार हैं लेकिन माफी नहीं मांगेंगे। उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
चतरा. जेएलकेएम नेता सह डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो मंगलवार को पुराने मामले में जमानत लेने चतरा पहुंचे. न्यायालय से जमानत मिलने के बाद, जयराम महतो सरकारी गेस्ट हाउस पहुंचे. वहां उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई मुद्दों पर अपनी बात रखी. इस दौरान उन्होंने बरवड्डा थाना प्रभारी के साथ वायरल ऑडियो प्रकरण को लेकर कहा कि वह जेल चले जाएंगे और फांसी पर लटक जाएंगे, लेकिन माफी नहीं मांगेंगे.
आपके शहर में
जयराम महतो ने कहा कि उनकी लड़ाई एक थानेदार से थी और आगे भी भ्रष्ट पदाधिकारियों के खिलाफ जारी रहेगी. कहा कि आम लोगों का सबसे अधिक शोषण थाना स्तर पर होता है. बिना पैरवी और पैसे के आम जनता का मामला थाने में दर्ज नहीं होता है. उन्होंने बरवड्डा थाना प्रभारी पर निजी चालक के माध्यम से अवैध उगाही किए जाने का आरोप लगाया. कहा कि मेरे एक परिचित, जो मेरा निजी चालक भी है, उससे थाना प्रभारी ने अवैध उगाही करने की कोशिश की. उन्होंने बरवड्डा थाना प्रभारी से व्यक्तिगत रूप से व्हाट्सएप कॉल पर बातचीत की थी. ऐसे में वह माफी नहीं मांगेंगे.
यदि सार्वजनिक मंच पर किसी व्यक्ति के खिलाफ अपशब्द कहा होता तो वह माफी मांगने के लिए तैयार हैं. लेकिन व्यक्तिगत बातचीत को सार्वजनिक करना गलत है. उन्होंने कहा कि बरवड्डा थाना प्रभारी को व्यक्तिगत बातचीत सार्वजनिक करने के लिए माफी मांगनी चाहिए. साथ ही ऑडियो को वायरल करने के लिए प्रेरित करने वालों को भी माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने दावा किया कि वायरल ऑडियो में काफी छेड़छाड़ की गई है.
उन्होंने कहा कि ऑडियो वायरल पूरे प्रकरण को मुख्य सचिव, डीजीपी व मुख्यमंत्री कार्यालय समेत अन्य स्तरों पर आगे बढ़ाया जा रहा है. सरकार इस प्रकरण के आड़ में अपनी खामियां की भरपाई करना चाहती है. उन्होंने कहा कि जेएसएससी सीजीएल भर्ती की सीआईडी जांच की मांग करते हुए कहा कि जांच होने पर सरकार कीपूरी पोल खुलकर सामने आएंगी. जहां तक भर्ती घोटालों का सवाल है, महतो ने सीआईडी जांच की मांग की, और यदि सरकार अनुचित दबाव में कार्रवाई करती है तो उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी.
दबाव में गिरफ्तारी हुई तो आंदोलन
जनता के प्रतिनिधि के रूप में, यदि मुझ पर दबाव डालकर गिरफ्तारी हुई, तो मैं चुप नहीं बैठूंगा; सड़कों पर उतरकर धरना, आंदोलन और भूख हड़ताल करूंगा. उन्होंने कहा कि दागी पदाधिकारियों के खिलाफ एक जंग का ऐलान किया जाएगा. कहा कि वह केवल एक विधायक नहीं, बल्कि जनता के बीच एक विचार बनकर आए हैं.
गलत तरीके से काम करने वाले पदाधिकारी व कर्मचारियों की पोल जनता खुद खोलेगी. उन्होंने बोकारो में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले पुलिस एसोसिएशन के लोगों पर भी निशाना साधा. पुलिस एसोसिएशन की ओर से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन महतो ने कहा कि पुलिस एसोसिएशन को किसी मामले में समर्थन देने से पहले उसकी सत्यता जांचनी चाहिए. बिना सोचे-समझे समर्थन भ्रष्ट तत्वों को बढ़ावा दे सकता है. इससे एसोसिएशन को बचना चाहिए.
जयराम महतो ने कहा कि शासन और प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाने वालों को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है. उन्होंने आउटसोर्सिंग कंपनियों पर भी कर्मियों के शोषण का आरोप लगाया. कहा कि साधारण परिवारों से आने वाले कई कर्मचारियों को छह-सात माह तक मानदेय नहीं दिया जा रहा है. शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों को आउटसोर्सिंग से बाहर रखा जाना चाहिए था. उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग से जुड़े मामलों को आगामी विधानसभा सत्र में उठाया जाएगा.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जेएलकेएम जिलाध्यक्ष कैलाश कुमार महतो, पूर्व चतरा विधानसभा प्रत्याशी इंजीनियर सुबोध पासवान, मो. हसन, शंकर कुमार, नगर अध्यक्ष सुनील कुमार, कोषाध्यक्ष रितेश कुमार, महासचिव श्रवण कुमार रविदास, उपाध्यक्ष संदीप यादव, सचिव लोकनाथ महतो, मो. गुलाम, मो. इजाज, चंदन कुमार, ब्रह्मदेव दांगी, विकास कुमार दांगी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए