सोमवार से शुरू होगा दस दिवसीय गणेश महोत्सव, हजारों श्रद्धालुओं के स्वागत को चुंदरु धाम तैयार
बैठक में उपस्थित समिति के सदस्य | Prabhat Khabar Network
चुंदरु धाम में दस दिवसीय गणेश महोत्सव का भव्य आगाज आज से हो रहा है. सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजामों के बीच श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है.
टंडवा. चुंदरु धाम में आयोजित होने वाले दस दिवसीय गणेश महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गयी हैं. महोत्सव को भव्य और सफल बनाने के लिए मंदिर विकास समिति के पदाधिकारी और सदस्य दिन-रात जुटे हुए हैं. सोमवार से शुरू होने वाले महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है.
हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद
आयोजन के पहले दिन भव्य कलश यात्रा निकाली जायेगी. इसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है. चुंदरु धाम में प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाला गणेश महोत्सव क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है.
दस दिनों तक रहेगा मेले का माहौल
दस दिनों तक चलने वाले महोत्सव के दौरान पूरे चुंदरु धाम में मेले का माहौल रहेगा. पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए भव्य मेले का भी आयोजन किया जा रहा है. मेले में विभिन्न प्रकार के आकर्षक झूले, मीना बाजार सहित कई मनोरंजन के साधन श्रद्धालुओं और बच्चों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे.
श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष जोर
महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर की विशेष साफ-सफाई, सजावट और रोशनी का काम किया जा रहा है. श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर भी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं. समिति द्वारा श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
महोत्सव की सफलता को लेकर मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष विकास गुप्ता, सचिव अनिल दास एवं कोषाध्यक्ष संजीत गुप्ता समेत पूरी टीम लगातार तैयारियों में जुटी हुई है.
प्रशासन ने लिया तैयारियों का जायजा
गणेश पूजा महोत्सव को लेकर बीडीओ देवलाल उरांव और थाना प्रभारी पप्पु शर्मा शनिवार को चुंदरु धाम पहुंचे. उन्होंने विधि-व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान सूर्य मंदिर विकास समिति ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ पूरे महोत्सव स्थल और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया.
बैठक में दिये आवश्यक निर्देश
जायजा लेने से पहले बीडीओ की अध्यक्षता में सूर्य मंदिर विकास समिति ट्रस्ट के साथ बैठक हुई. बैठक में ट्रस्ट के अध्यक्ष विकास गुप्ता ने पदाधिकारियों को महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी.
बीडीओ देवलाल उरांव ने पूरे महोत्सव स्थल में लगने वाली दुकानों और झूला क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण करने, बिजली के कटे तार नहीं होने और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिये. साथ ही जगह-जगह वॉलेंटियर रखने को कहा.
ये भी पढ़ें: बिहार-झारखंड समेत चार राज्यों से जुटेंगे पासवान समाज के लोग, चतरा में होगा महासम्मेलन
पुलिस और सीसीटीवी की रहेगी नजर
पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी पप्पु शर्मा ने कहा कि पूरा महोत्सव स्थल पुलिस और सीसीटीवी कैमरे की नजर में रहेगा. साथ ही दर्जनों पुलिसकर्मी सादे लिबास में रहेंगे, जो हुड़दंगियों और अफवाह फैलाने वालों पर पैनी नजर रखेंगे.
उन्होंने लोगों से किसी प्रकार की अफवाह से बचने और किसी भी तरह की सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचित करने की अपील की.
मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष विकास गुप्ता, कोषाध्यक्ष संजीत गुप्ता, बासुदेव बसंत, राजेंद्र नायक, अनुग्रह नारायण सिंह, सरोज गुप्ता, मदन भगत, बंशीधर यादव, रंजीत गुप्ता, नंदा थापा, मनोज माली, प्रदीप प्रजापति, मुकेश प्रजापति, संतोष यादव, अर्जुन दास, सुरज पासवान, संतोष दास, आशुतोष गुप्ता, मिथलेश कुमार समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें: पढ़ाई के रास्ते की दूरी होगी आसान, छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए