मिलने आया प्रेमी, कुछ देर बाद कमरे में मिली लाश, जानें पूरा मामला...
पर्यवेक्षिका अनीता बिंद
चक्रधरपुर में महिला पर्यवेक्षिका अनीता बिंद की उनके किराये के मकान में धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई. घटना के बाद प्रेमी को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के शीतला मंदिर ग्वाला पट्टी (वार्ड संख्या-7) में गुरुवार दोपहर महिला पर्यवेक्षिका अनीता बिंद की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गयी. मृतका सोनुवा प्रखंड के बाल विकास परियोजना कार्यालय में महिला पर्यवेक्षिका के पद पर पदस्थापित थीं. वह पिछले करीब 15 दिनों से चक्रधरपुर में किराये के मकान में अकेली रह रही थीं. घटना के बाद मकान से भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने आरोपी की पहचान अनिल कुमार बिंद के रूप में की है. पूछताछ में उसने खुद को मृतका का प्रेमी बताया है.
शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसी, कमरे में लहूलुहान मिलीं अनीता
जानकारी के अनुसार, अनीता बिंद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के ओरा गांव की रहने वाली थीं. वह चक्रधरपुर में संजय साव के मकान में किराये पर रह रही थीं. गुरुवार दोपहर करीब दो बजे अनिल कुमार बिंद उनसे मिलने उनके कमरे में पहुंचा था. कुछ देर बाद मकान के ऊपरी माले से चीख-पुकार और शोर की आवाज सुनायी दी. आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे. इसी बीच अनिल मकान से निकलकर तेजी से भागने लगा. लोगों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया. इसके बाद जब पड़ोसी कमरे के अंदर पहुंचे, तो अनीता गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ पड़ी थीं. उनके शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले.

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर अनुमंडल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं, स्थानीय लोगों द्वारा पकड़े गये अनिल कुमार बिंद को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. पुलिस उससे हत्या की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका और आरोपी दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं.
हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
महिला पर्यवेक्षिका की हत्या की खबर फैलते ही शीतला मंदिर ग्वाला पट्टी में लोगों की भीड़ जुट गयी. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ के साथ-साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है. हत्या किन परिस्थितियों में और किस कारण से की गयी, इसका स्पष्ट खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए