250 से ज्यादा ट्रक, हर ट्रक से 100 रुपये.. आखिर किसके नाम पर हो रही वसूली?
बैठक करते ग्रामीण
जोड़ापोखर के मुर्गा गांव में ग्रामीणों के नाम पर आयरन ओर लदे ट्रकों से अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है. इसको लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है.
जैंतगढ़: जोड़ापोखर ब्लॉक की देवझर पंचायत स्थित मुर्गा गांव में ग्रामीणों के नाम पर आयरन ओर लदे ट्रकों से कथित अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आया है. इसको लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है. रविवार शाम गांव के हॉल में आयोजित जनसभा में ग्रामीणों ने एकजुट होकर कथित वसूली के खिलाफ आवाज उठाई और इसे तत्काल बंद करने की मांग की.
ग्रामीणों के अनुसार, काटामाटी स्थित टाटा स्टील की खदान से प्रतिदिन 250 से अधिक ट्रक आयरन ओर लेकर भूषण, कलिंगनगर, राउरकेला तथा झारखंड की विभिन्न फैक्ट्रियों के लिए रवाना होते हैं.
‘लेबलिंग चार्ज’ के नाम पर प्रति ट्रक 100 रुपये वसूली का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि खदान से ट्रकों के निकलने के बाद झारखंड निवासी एक व्यक्ति एक अनरजिस्टर्ड एसोसिएशन के माध्यम से ‘लेबलिंग चार्ज’ के नाम पर प्रत्येक ट्रक से 100 रुपये वसूलता है. ग्रामीणों के मुताबिक, शुरुआत में यह दावा किया गया था कि वसूली से प्राप्त राशि मजदूरों को देने के बाद गांव के विकास कार्यों में खर्च की जाएगी. हालांकि, अब तक गांव में इस राशि से कोई विकास कार्य नहीं हुआ है.
ग्रामीणों का दावा है कि प्रतिदिन हजारों रुपये की वसूली की जा रही है. उनका कहना है कि इस कथित वसूली के कारण गांव और ग्रामीणों की छवि भी प्रभावित हो रही है.
शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप
ग्रामीणों ने बताया कि मामले को लेकर स्थानीय थाने में शिकायत की गयी थी. आरोप है कि पुलिस ने एक महीने के भीतर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बावजूद स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया.
इससे नाराज ग्रामीणों ने क्योंझर जिला भाजपा के महासचिव सह चंपुआ सांगठनिक समन्वयक अगनू महानत से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप की मांग की. ग्रामीणों ने कहा कि यदि कथित अवैध वसूली तत्काल बंद नहीं की गयी, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे. ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा कथित वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए