चाईबासा में दो दिवसीय सावन मेला की तैयारी हुई शुरू, महिलाओं और बच्चों के लिए होंगी प्रतियोगिताएं

चाईबासा में मारवाड़ी महिला समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय सावन मेला और विभिन्न प्रतियोगिताओं की पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें.
प्रतिनिधि, चाईबासा
प्रतिनिधि, चाईबासा मारवाड़ी महिला समिति चाईबासा शाखा की ओर से सावन मेला के मौके पर दो दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है. 25 और 26 जुलाई को रूंगटा मैरिज हाउस में झूला सजाओ प्रतियोगिता, टेबल रनर सजाओ प्रतियोगिता और बच्चों के लिए चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. प्रतियोगिता की शुरुआत शाम 4 बजे से होगी.
शाखा अध्यक्ष संगीता मुंधड़ा ने बताया कि 25 जुलाई को झूला सजाओ प्रतियोगिता और टेबल रनर सजाओ प्रतियोगिता होगी. इसमें केवल समिति की महिलाएं ही हिस्सा ले सकेंगी. वहीं, 26 जुलाई को बच्चों के लिए रंग भरो प्रतियोगिता, पर्यावरण और जल संरक्षण विषय पर चित्रांकन प्रतियोगिता के साथ वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा.
एक और दो अगस्त को लगेगा भव्य सावन मेला
संगीता मुंधड़ा ने बताया कि समिति की ओर से खिरवाल बैंक्विट हॉल चाईबासा में एक और दो अगस्त 2026 को दो दिवसीय भव्य सावन मेला लगाया जाएगा. इस दौरान प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा. उन्होंने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी सावन मेला शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा. मेले में महिलाओं, परिवारों और आम लोगों के लिए खरीदारी और मनोरंजन की विशेष व्यवस्था की जाएगी. समिति का उद्देश्य महिलाओं को आगे बढ़ने का मंच देना, सामाजिक भागीदारी बढ़ाना और महिला उद्यमियों व व्यवसायियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और बिक्री का अवसर देना है.
मेले को लेकर तैयारियां तेज
संगीता मुंधड़ा ने बताया कि मेले को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं. आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति की सदस्याएं लगातार काम कर रही हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग मेले का आनंद उठा सकें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










